पंजाब के पूर्व डिप्टी-CM सुखबीर बादल पर नांदेड़ के गुरुद्वारे में हमला, निहंग ने कृपाण मारी

Spread the love

महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर एक निहंग ने हमला कर दिया. घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. बचाने आया पुलिसकर्मी भी घायल हो गया. बताया जा रहा है कि माता साहिब गुरुद्वारा इलाके में एक निहंग ने उन पर हमला बोला. हमले में सुखबीर सिंह बादल घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. निहंग ने अचानक उन पर हमला कर दिया. हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ये पहला मौका नहीं है जब सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ हो, इसके पहले साल 2024 में भी उन पर गोल्डन टेंपल कैंपस में गोली चलाई गई थी लेकिन वो हमला भी असफल रहा था.

सुखबीर सिंह बादल पर हमले की खबर सामने आते ही राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हमलावर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.

धारदार हथियार से किया गया हमला: बताया जा रहा है कि सुखबीर सिंह बादल पर धारदार हथियार से वार किया गया. हमले में उनके हाथ में चोट आई है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला. हमले के दौरान सुखबीर सिंह बादल की सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है. फिलहाल दोनों के उपचार की जानकारी सामने आई है. घटना के बाद गुरुद्वारा परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

निहंग ने कृपाण से किया बादल पर हमला: सूत्रों के मुताबिक, मौके पर मौजूद एक निहंग सिंह ने अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर हमला करने की कोशिश की. अकाली दल से जुड़े लोगों का कहना है कि इस घटना के पीछे फिलहाल एक ही व्यक्ति के होने की बात सामने आ रही है. सूत्रों के अनुसार, हमलावर के हाथ में कृपाण थी. बताया जा रहा है कि जैसे ही निहंग ने सुखबीर सिंह बादल को निशाना बनाने की कोशिश की, वहां तैनात एक सुरक्षाकर्मी तुरंत बीच में आ गया. उसने बादल को बचाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह खुद गंभीर रूप से घायल हो गया.

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने ली हमले की जानकारी: पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर नांदेड़ में हमला हुआ. महाराष्ट्र के सीएमओ ने मीडिया को बताया कि इस हमले के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से घटना की जानकारी ली. हमला करने वाले आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है और मुख्यमंत्री ने हमले के पीछे के मकसद की जांच के आदेश दिए हैं. बादल की हालत अभी अच्छी बताई गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *