MP के भिंड में भीषण सड़क हादसा: यूपी के 8 मजदूरों की मौत, टकराए डंपर और पिकअप

Spread the love

MP के भिंड में एनएच-719 पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में धान रोपाई का काम करके लौट रहे यूपी के 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि इस हादसे में करीब 25 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

एनएच-719 पर छीमका गांव के पास मजदूरों से भरी एक पिकअप और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस भीषण हादसे में उत्तर प्रदेश के 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 32 अन्य घायल हो गए हैं. जानकारी के अनुसार, मजदूर लखीमपुर खीरी जिले ( उत्तर प्रदेश) के रहने वाले थे, जो धान रोपाई का काम करने आए थे और काम होने के बाद घर लौट रहे थे. मध्यप्रदेश के भिंड में हुई दुर्घटना से संबंधित सीएम ने मृतक मजदूरों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक मदद करने की घोषणा की है.

सीएम योगी ने लिया सड़क हादसे का संज्ञान: मुख्यमंत्री योगी ने भिंड, मध्यप्रदेश में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है. सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. सीएम ने उत्तर प्रदेश के अधिकारियों को मृतकों के शव को परिजनों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों को मध्यप्रदेश सरकार से संवाद कर घायलों के समुचित इलाज करवाने के लिए निर्देश दिए है. मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.

कैसे और कहां हुआ हादसा? ये हादसा ग्वालियर-भिंड-इटावा नेशनल हाईवे-719 पर बीती रात करीब एक बजे के आसपास हुआ. जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के रहने वाले मजदूर डबरा के चीनोर इलाके में धान की रोपाई का काम करने के बाद पिकअप लोडिंग वाहन से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान छीमका मोड़ के पास सड़क पर बैठे गोवंश को बचाने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे डंपर से जा भिड़ी.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूर सड़क पर जा गिरे. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डायल-112 व एंबुलेंस की मदद से घायलों को गोहद अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल 26 लोगों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया. ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में तीन और घायलों की मौत हो गई. इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है.

घायलों में कई मजदूरों की हालत नाजुक: हादसे में घायल हुए कुछ मजदूरों की स्थिति अभी भी गंभीर बताई जा रही है. हादसा इतना गंभीर था कि लोडिंग वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसका आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. हादसे ने एक बार फिर NH-719 पर सड़क सुरक्षा और हाईवे पर बैठे आवारा गोवंश को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *