कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल में भीषण आग लग जाने से बड़ा हादसा हो गया, इस अग्निकांड में कम से कम 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं. मारे गए लोगों में 6 पुरुष, 2 महिला और एक बच्चा शामिल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग बुधवार तड़के लगी जब होटल में ठहरे अधिकांश लोग सो रहे थे. धुएं का गुबार और लपटें उठती देख परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया.
अग्निशमन विभाग के मुताबिक, आग लगने की यह घटना कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में हुई जहां तड़के करीब 2 बजे आग लग गई और तुरंत ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. 9 लोगों की मौके पर मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. मरने वाले बांग्लादेशी नागरिक थे जो इलाज के लिए यहां आए थे.

आग के बाद उठे धुएं के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और सीढ़ियों से ऊपर की मंजिलों तक पहुंचना मुश्किल हो गया. दमकल विभाग की टीम ने काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया है. हालांकि, आग किस वजह से लगी यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस ने होटल के 2 कर्मचारियों को हिरासत में लिया है. हादसे के बाद 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
आपको बता दें कि सोमवार को भी इसी तरह का हादसा बीरभूम जिले में भी सामने आया था. यहां एक चार मंजिला होटल में आग लगने से 7 लोगों को मौत हो गई थी.आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी. उस समय सावन का आखिरी सोमवार होने के कारण होटल तीर्थयात्रियों से पूरी तरह भरा हुआ था.















Leave a Reply