PDA में ‘P’ का नाम सपा ऐसे ही बदलती रही तो एक दिन उसे ‘P’ से पाकिस्तान कहना होगा

Spread the love

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गिरगिट की तरह रंग बदलने वाले पार्टी के लोग पीडीए को कैसे परिभाषित करते हैं, कभी इनका ‘पी’ पिछड़ा था, फिर पंडित हो गया. एक दिन ये ‘पी’ से पाकिस्तान कर देंगे. इनके बयानों पर भरोसा नहीं किया जा सकता.

ये ऐसे गिद्ध हैं कि जिस पेड़ पर चढ़ेंगे, उसे ही सुखा डालेंगे. सबसे कष्टकारी है कि पीएम मोदी, बसपा अध्यक्ष मायावती ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल कल्याण सिंह की मृत्यु पर आकर श्रद्धांजलि दी. सपा मुखिया ने आना तो दूर, शब्दों से भी कुछ व्यक्त नहीं किया. यह दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक है. यह हर उस हिंदू का अपमान था, जिसे लगता है कि कल्याण सिंह का जीवन सनातन मूल्यों और हिंदू गौरव के लिए समर्पित था.

कल्याण सिंह दबाव में नहीं आते थे: सीएम शुक्रवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पूर्व मुख्यमंत्री पद्म विभूषण कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित ‘हिंदू गौरव दिवस’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि कल्याण सिंह दबाव में नहीं आते थे.

वह कहते थे कि कल्याण सिंह टूट सकता है, झुक नहीं सकता. आंदोलन के दौरान कहा कि संघर्ष स्वीकार्य है. सत्ता दूर हो जाए, स्वीकार है. प्रभु श्रीराम का अपमान स्वीकार्य नहीं. संतों के संघर्ष, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मार्गदर्शन और विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में चले आंदोलन का उन्होंने खुलकर समर्थन किया.

सत्ता गंवाई, लेकिन रामभक्तों पर गोली नहीं चलने दी. कल्याण सिंह के प्रति श्रद्धावान होना सनातनियों का दायित्व है. उनकी स्मृतियों को जीवित रखने और इस परंपरा को आगे बढ़ाना होगा. उन्होंने कल्याण सिंह के पुत्र पूर्व सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ और पौत्र एवं मंत्री संदीप सिंह का भी धन्यवाद दिया कि वे इस परंपरा को लगातार जीवित रखने और आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं.

महापुरुषों का अपमान सपा की आदत: सीएम योगी ने कहा कि महापुरुषों का अपमान करना सपा की आदत है. कन्नौज से सपा का रिश्ता रहा है, लेकिन वहां डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर बने सरकारी मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटा दिया. हमने फिर इसे बाबा साहेब के नाम पर किया. मैनपुरी में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर बने एक कॉलेज का नाम भी बदल दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *