मुरादाबाद में बुधवार दोपहर दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर वनस्पति घी (डालडा) से भरा टैंकर बेकाबू होकर पलट गया. हादसे के बाद टैंकर से घी सड़क पर फैल गया। इसकी खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बॉल्टी-डिब्बे लेकर घी भरकर ले जाने लगे. घटना का वीडियो भी सामने आया है. ये हादसा बुधवार दोपहर करीब 12 बजे का है। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है.
हाईवे पर हादसे के बाद सड़क का नजारा कुछ ऐसा रहा कि जहां देखो, वहां वनस्पति घी ही फैला नजर आया. टैंकर से निकला घी कई मीटर तक सड़क पर बिखर गया. इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. कई लोग बाल्टी, डिब्बे और दूसरे बर्तन लेकर पहुंचे और सड़क पर फैला घी भरकर ले जाने लगे. कुछ लोग घी के गाढ़े टुकड़े भी उठाते दिखाई दिए. हादसे के कारण हाईवे पर कई वाहन रुक गए.
मौके पर मौजूद लोग इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते रहे. स्थिति को संभालने के लिए पुलिसकर्मी और क्रेन भी मौके पर पहुंची. टैंकर को हटाने के साथ सड़क पर फैले घी को साफ करवाया.
एसपी सिटी रण विजय सिंह ने बताया- टैंकर हरियाणा से रुद्रपुर जा रहा था. मुरादाबाद में रामगंगा पुल पर सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को बचाने की कोशिश में चालक ने टैंकर को मोड़ा. इसी दौरान टैंकर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी तरफ जाकर पलट गया.
पुलिस ने क्रेन की मदद से टैंकर को सीधा कराया. सड़क पर फैले वनस्पति घी को भी हटवाया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य कराया गया। हादसे में किसी को चोट नहीं आई है.
















Leave a Reply