कानपुर में नाइट ड्यूटी के दौरान गेट बंद करते समय सिक्योरिटी गार्ड पर करीब चार कुंतल का गेट गिर पड़ा. नीचे दबने से उसकी मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि गेट पिछले 10 दिनों से खराब था.
परिजनों का कहना है कि शिकायत करने के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई. उन्होंने फ्लैट संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है. हादसे का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है.
मामले में पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना पनकी थाना क्षेत्र के बी-ब्लॉक में शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे की है.

गेट बंद करते समय ऊपर गिरा चार कुंतल का लोहे का गेट: पनकी की शिवनगर डूडा कॉलोनी के रहने वाले विक्रम सिंह (50) सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे. परिवार में पत्नी सोनी सिंह, 3 बेटियां पूजा, संगीता और अंकिता तथा बेटा दीपक सिंह है.
बेटे दीपक ने बताया उनके पिता करीब 3 महीने पहले इस फ्लैट में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने लगे थे. वह रात की शिफ्ट में ड्यूटी कर रहे थे. रात करीब 1:30 बजे फ्लैट में रहने वाला एक युवक कार लेकर पहुंचा. उनके पिता ने गेट खोलकर उसे अंदर जाने दिया.
इसके बाद वह गेट बंद करने लगे, लेकिन उसमें परेशानी हो रही थी. गेट को धक्का देकर दोबारा खोलने की कोशिश के दौरान करीब चार कुंतल वजनी लोहे का गेट उनके ऊपर गिर पड़ा. गेट के नीचे दबने के बाद पिता मदद के लिए काफी देर तक चीखते रहे.
सुबह अस्पताल पहुंचे परिजन, तब तक हो चुकी थी मौत: परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद उन्हें काफी देर से सूचना दी गई. शनिवार सुबह करीब 5 बजे परिवार को विक्रम सिंह के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली. परिजन अस्पताल पहुंचे तो उनकी मौत हो चुकी थी.
घटना की खबर से परिवार में कोहराम मच गया. शनिवार सुबह करीब 11:45 बजे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
10 दिन से खराब था गेट: दीपक ने बताया कि पिछले 10 दिनों से ठीक से काम नहीं कर रहा था. इस बारे में फ्लैट संचालक से कई बार शिकायत की गई, लेकिन गेट की मरम्मत नहीं कराई गई. समय रहते गेट ठीक करा दिया जाता तो हादसा टल सकता था.
दीपक ने यह भी आरोप लगाया कि गुरुवार को नाइट ड्यूटी के दौरान उनके पिता का मोबाइल चोरी हो गया था. इसकी शिकायत फ्लैट संचालक से करने पर उन्हें जल्द नया मोबाइल दिलाने का आश्वासन दिया गया था.
पनकी थाना प्रभारी अंकित सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
















Leave a Reply