कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से कार में टक्कर मार दी. टक्कर के बाद भी चालक ने डंपर नहीं रोका और कार को करीब 15 से 20 मीटर तक घसीटता ले गया. राहगीरों के शोर मचाने पर चालक ने वाहन रोका. हादसे में HBTU में तैनात प्रोफेसर निर्गीश कुमार समेत कार में बैठे तीन लोग बाल-बाल बच गए.
घटना सुबह करीब 9:15 बजे जाजमऊ चेकपोस्ट के पास हुई. प्रोफेसर परिवार के साथ निजी काम से लखनऊ जा रहे थे. हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई और रामादेवी से लखनऊ की ओर जाने वाले रास्ते पर जाम की स्थिति बन गई. पुलिस ने दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया.
पीछे से टक्कर लगते ही अनियंत्रित हुई कार: विकास नगर निवासी प्रोफेसर निर्गीश कुमार के मुताबिक, वह परिवार के साथ कार से लखनऊ जा रहे थे. जाजमऊ चेकपोस्ट के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार को टक्कर मार दी. टक्कर के कारण कार अनियंत्रित हो गई. आरोप है कि डंपर चालक ने तुरंत ब्रेक नहीं लगाया और कार को आगे तक घसीटता रहा. यह देखकर सड़क पर मौजूद राहगीरों ने शोर मचाया, जिसके बाद चालक ने वाहन रोका. कार में सवार तीनों लोगों को चोट नहीं आई, लेकिन परिवार हादसे से घबरा गया.
हादसे के बाद सड़क पर जुटी भीड़: टक्कर के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के सड़क पर होने से रामादेवी से लखनऊ की ओर जाने वाले यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई और जाम लगने लगा.
पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका. इसके बाद कार सवार प्रोफेसर और डंपर चालक को थाने ले जाया गया.
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई: थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया गया. दोनों पक्ष थाने आए हैं. तहरीर मिलने पर मामले में विधिक कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply