सपा ने 10 लाख गुंडे पाले’, गोरखपुर से CM योगी का निशाना, किसानों के लिए बड़ा ऐलान

Spread the love

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के अन्नदाता किसानों को आश्वस्त किया कि साइक्लोन के कारण असमय बरसात, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई सरकार पैकेज लाकर करेगी. उन्होंने कहा कि हमने इसका मुआवजा तो दिया है, लेकिन मैं मानता हूं कि यह नाकाफी है. अन्नदाता किसानों को जो नुकसान हुआ है, डबल इंजन की सरकार उसकी पूरी भरपाई करेगी. सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि पूरा सर्वे कर लीजिए, तात्कालिक मुआवजा दीजिए। किसानों के लिए हम एक नया पैकेज लाएंगे. सीएम रविवार को चौरीचौरा में 59.44 करोड़ रुपये से बने भोपा बाजार (समपार संख्या 147बी) रेल ओवरब्रिज का उद्घाटन करने के साथ ही 287.56 करोड़ रुपये की लागत वाली 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे.

किस मुंह से नैतिकता की बात करती हैं कांग्रेस-सपा? योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा के लोग किस मुंह से नैतिकता की बात करते हैं. सपा सरकार में नारा चलता था- देख सपाई, बिटिया घबराई. बेटी स्कूल जाने से और व्यापारी कारोबार करने से डरता था. पर्व-त्योहार के पहले दंगे-उपद्रव शुरू हो जाते थे. लूटपाट, गरीबों की जमीन पर कब्जे आम थे. सपा का मतलब है बदमाश को बुलावा, जबकि भाजपा का मतलब है बदलाव का सारथी बन जाना. सपा ने चार बार सरकार बनाई और 1500 दंगे करवाए. ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया’ दिया. 10 लाख गुंडे पाले, जो हर जिले में लूटपाट व अराजकता फैलाते थे.

सपा-भाजपा में अंतर बताया: सपा और भाजपा की सरकार में अंतर समझाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने 10 वर्षों में 10 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी. ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन’ दिया. माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम भी किया. अब किसी गरीब की जमीन पर कोई माफिया कब्जा करने का दुस्साहस नहीं कर सकता. किसी बेटी की सुरक्षा में सेंध नहीं लगा सकता, क्योंकि उसे मालूम है कि ऐसा करने पर अंजाम क्या होने वाला है.

सपा ने यूपी को अपराध का गढ़ बना दिया था- योगी उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा ने अपनी सरकार में उत्तर प्रदेश को अपराध का गढ़ बना दिया था. सपा सरकार अपराध बढ़ाती थी, जबकि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अग्रसर किया. सपा सरकार लूटपाट करने को बदमाश पालती थी, जबकि भाजपा सरकार ने विकास के जरिये बदलाव करके दिखा दिया है. उत्तर प्रदेश अब पतन और शोषण की नहीं, प्रगति और संस्कृति की धरती बन गई है. अब यहां कर्फ्यू, उपद्रव या दंगा नहीं, उत्सव होता है. अखिलेश यादव के समय बाहरी लोग यूपी का नाम सुनकर सौ कोस दूर भागते थे. आज यूपी वालों की आवभगत व सम्मान किया जाता है.

भ्रष्टाचारियों को मोदी सरकार से परेशानी: मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्होंने उत्तर प्रदेश के सामने पहचान, सुरक्षा का संकट खड़ा किया था, जिन्होंने युवाओं के रोजगार और नौकरी पर डकैती डाली थी, किसानों के चेहरे की खुशहाली छीनी थी, गरीबों के हकों पर डकैती डाली थी, ऐसे गिरगिटों से सावधान रहने की आवश्यकता है. हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास की धारा को आगे बढ़ाना है. भ्रष्टाचारियों को मोदी सरकार से परेशानी हो रही है. सड़कों पर अराजकता पैदा करने वाले दरअसल गरीबों के खिलाफ माहौल बना रहे हैं, क्योंकि मोदी ने गरीबों के चेहरों पर खुशहाली लाने का काम किया, उनका उत्थान किया. अराजकता फैलाने वाले लोग किसान, महिला और भारत की सुरक्षा के विरोधी हैं. ये नक्सलवाद, आतंकवाद और अलगाववाद के समर्थक हैं. हमें इन भ्रष्टाचारी तत्वों को अराजकता फैलाने की छूट नहीं देनी है. इनके खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने की तैयारी भी करनी होगी. दुष्प्रचार का मुकाबला करने के लिए आमजन को खड़ा होना पड़ेगा.

पीएम मोदी के नेतृत्व में नई पहचान के साथ बढ़ा भारत: सीएम ने कहा कि आज गोरखपुर का विकास हो रहा है. उत्तर प्रदेश बदल चुका है और भारत दुनिया में नई पहचान के साथ आगे बढ़ा है. यह नया भारत है, जहां 140 करोड़ भारतवासी मोदी जी के नेतृत्व में गौरव की अनुभूति करते हैं. विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 12 वर्ष में 46 करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से ऊपर उठकर सामान्य जीवनयापन का अवसर मिला है. प्रधानमंत्री ने देश को गरीबी के कलंक से उबारने का काम किया है. गरीबों के जीवन में अभूतपूर्व बदलाव आया है.

नेहरू ने चौरीचौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी नहीं की: मुख्यमंत्री ने कहा कि चौरीचौरा की ऐतिहासिक घटना में 172 देशभक्तों को अंग्रेजों ने फांसी की सजा दी थी. ये कांग्रेसी कहते हैं कि पंडित जवाहरलाल नेहरू देश के बहुत बड़े अधिवक्ता थे, लेकिन सच्चाई यह है कि उस समय इन 172 किसानों, श्रमिकों, व्यापारियों की पैरवी पंडित नेहरू ने नहीं की. तब पंडित मदन मोहन मालवीय पैरवी के लिए आगे आए. मालवीय जी ने 151 क्रांतिकारियों को फांसी के फंदे से छुड़ाने में सफलता हासिल की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *