कुशीनगर में ट्रेलर और ईको वैन में भीषण टक्कर:पिता-2 बेटे समेत 6 की मौत, गेट काटकर निकाले शव

Spread the love

UP के कुशीनगर में ट्रेलर और मारुति ईको वैन की आमने टक्कर हो गई. वैन सवार पिता-पुत्र समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 1 गंभीर घायल है. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई.

टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए. उसमें सवार 8 लोग अंदर ही फंस गए. धमाके जैसी आवाज हुई. ट्रेलर का केबिन टूटकर मुड़ गया. सड़क पर वैन के पार्ट्स बिखर गए. आगे का हिस्सा पिचककर पीछे से सीटों से भिड़ गया.

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर से ईको के गेट काटकर फंसे लोगों को निकाला. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया.

हादसा जिला मुख्यालय से करीब 46 किमी दूर हाटा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात करीब 11:30 बजे हुआ. मृतकों में रामबिलास गुप्ता (65), उनके बड़े बेटे कन्हैया प्रसाद गुप्ता (40), छोटे बेटे राम मिलन गप्ता (35), मृदुल मिश्रा (37), रंजय गुप्ता (35) और मिथलेश गुप्ता (22) शामिल हैं.

जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलूही गांव के रहने रहने वाले 8 लोग एक रिश्तेदार के तिलक समारोह में शामिल होने देवराज पिपरा गए थे. कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे रात को घर लौट रहे थे.

बताया जाता है कि वैन में फुल वोल्यूम पर गाना बज रहा था. इसी दौरान एनएच-28 पर हाटा कोतवाली क्षेत्र में हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरूआडीह गांव के पास उनकी वैन सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई.

टक्कर इतनी तेज थी कि वैन पूरी तरह से पिचक गई. ट्रेलर टक्कर के बाद सड़क किनारे उतर गया. हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया.

बताया जा रहा कि मृतक कन्हैया प्रसाद ग्राम पंचायत भलूही के प्रधान थे, जबकि जान गंवाने वाले रंजय सेना में जवान थे। वो छत्तीसगढ़ में तैनात थे. दशहरे की छुट्टी पर घर आए थे. छुटि्टयां खत्म होने के बाद 5 नवंबर को वापस जाने वाले थे। उससे पहले ही हादसा हो गया. हादसे में घायल प्रधान के दो पोते आयुष (12) और आर्यन (17) की हालत गंभीर बनी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *