पनकी में तेज रफ्तार डीसीएम ने महिला को रौंदा, चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त, मौत पर हंगामा

Spread the love

कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में थम्स अप चौराहे के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार डीसीएम ने सड़क पार कर रही महिला को रौंद दिया. टक्कर लगने के बाद महिला डीसीएम के पिछले पहिये के नीचे आ गईं. इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद चालक डीसीएम लेकर भागने का प्रयास करने लगा। घटना से गुस्साए लोगों ने हंगामा किया.

मृतका की पहचान नौरैयाखेड़ा निवासी मनमाया (51) के रूप में हुई. वह मूलरूप से नेपाल के माला गिरी, वार्ड पांच, सेनजा की रहने वाली थीं. परिजनों ने बताया कि मनमाया एक कबाड़ गोदाम में काम करती थीं. सोमवार सुबह गोदाम मालिक के कहने पर वह चाय लेने गई थीं. इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार डीसीएम ने उन्हें टक्कर मार दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद चालक ने डीसीएम रोकने के बजाय भागने का प्रयास किया. इसी दौरान महिला पिछले पहिये के नीचे आ गईं. पहिया चेहरे के ऊपर से गुजरने के कारण उनका चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हालत इतनी खराब थी कि उनकी पहचान करने में भी काफी मुश्किल हुई. हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने हंगामा किया.

बीमार पति और तीन बच्चों के सामने आजीविका का संकट: मनमाया की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिवार में पति दीबू, बड़ा बेटा संजय, बेटी अनु और छोटा बेटा बासू हैं. पति की तबीयत खराब रहती है। ऐसे में मनमाया ही काम करके परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रही थीं. उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. मां की मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.

सूचना पर पनकी पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया. पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस हादसे के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है. साथ ही डीसीएम और उसके चालक के संबंध में भी छानबीन की जा रही है.

पनकी थाना प्रभारी बोले तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जायेगी: पनकी थाना प्रभारी दिनेश कुमार भिष्ट ने बताया की मौके से डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया था. परिजनों को समझा बूझाकर शांत कर दिया गया है. परिजनों की ओर से तहरीर नही मिली है तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जायेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *