घाटमपुर में शादीशुदा गर्लफ्रेंड के कमरे में फंदा लगाकर दी जान, पकड़े जाने के डर से लटका

Spread the love

कानपुर में एक युवक ने अपनी शादीशुदा गर्लफ्रेंड के घर में फंदा लगाकर जान दे दी. वह मंगलवार देर रात उससे मिलने घर पहुंचा था। वह घर के एक कमरे में बैठा था. इसी दौरान गर्लफ्रेंड के देवर को कमरे में किसी के होने का शक हुआ.

उसने बाहर से कमरे की कुंडी लगा दी. फिर परिवार के दूसरे लोगों को बुला लिया. इसके बाद घर में हंगामा शुरू हो गया. परिवार के लोगों के सामने पकड़े जाने और बदनामी के डर से युवक ने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी.

घरवालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. कमरे का दरवाजा खोला तो अंदर युवक का शव फंदे से लटका मिला. मृतक की पहचान फतेहपुर के मोहन खेड़ा में रहने वाले शिव प्रताप सिंह (25) उर्फ सौरव के रूप में हुई है. घटना घाटमपुर थाना क्षेत्र की है.

घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया- “युवक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है. शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.”

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की.

फेसबुक पर दोनों की दोस्ती हुई थी: पुलिस के मुताबिक, शिव प्रताप सिंह की फेसबुक पर रवाईपुर की रहने वाली पूजा से दोस्ती हो गई थी. पिछले 3 साल से दोनों के बीच बातचीत हो रही थी। धीरे-धीरे उनकी नजदीकियां बढ़ गईं. पूजा शादीशुदा है. उसका पति आशुतोष सोनकर ललितपुर नगर पालिका में रेवेन्यू इंस्पेक्टर है. दोनों के 2 बच्चे भी हैं.

मंगलवार देर रात शिव प्रताप गर्लफ्रेंड पूजा से मिलने उसके घर पहुंचा. उसने अपनी बाइक गांव के बाहर खड़ी की और घर के अंदर चला गया. पूजा ने उसे एक कमरे में बैठाया और बच्चे को सुलाने की बात कहकर दूसरे कमरे में चली गई.

इसी दौरान पानी पीने के लिए उठे पूजा के देवर परितोष को कमरे में किसी युवक के मौजूद होने का शक हुआ. उसने बाहर से कमरे की कुंडी बंद कर दी.

इसको लेकर परितोष और पूजा के बीच कहासुनी शुरू हो गई. शोर सुनकर परिवार के बाकी लोग भी मौके पर पहुंच गए.

अंदर साड़ी के फंदे से लटका मिला युवक: घर में हंगामे के बाद परिवारवालों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया, तो अंदर शिव प्रताप का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला.

पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोगों की भीड़ जुट गई.

पिता बोले- गर्लफ्रेंड से मिलने आया था बेटा: शिव प्रताप के पिता सूरजभान सिंह ने बताया कि उनका बेटा गर्लफ्रेंड से मिलने आया था. बुधवार सुबह नौरंगा चौकी इंचार्ज रवि ने फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी और पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचने को कहा. पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *