साढ़ में अवैध संबंधों के शक में युवक को बंधक बनाकर पीट-पीटकर मार डाला, 3 पर FIR

Spread the love

कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गंभीरपुर गांव में आधी रात को महिला के बुलावे पर उसके घर पहुंचे युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि महिला सुमन के पति विकास और ससुर कल्लू अवस्थी ने युवक को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से मरणणासन्न कर दिया. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया.

मिली जानकारी के अनुसार गंभीरपुर गांव में रविवार सुबह 28 साल के गोपाल तिवारी की हत्या कर दी गई. पुलिस की शुरुआती जांच में अवैध संबंधों के शक में हत्या किए जाने की बात सामने आई है. घायल हालत में गोपाल को भीतरगांव सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित दिया.

मृतक के पिता विजय प्रकाश तिवारी ने पड़ोस में रहने वाले कल्लू अवस्थी और उनके परिवार के सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपियों की तलाश और घटना की जांच की जा रही है.

सुबह करीब 4 बजे पड़ोसी के घर पहुंचे थे गोपाल: पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 4 बजे गोपाल पड़ोस में रहने वाले कल्लू के घर पहुंचे थे. वहां घर के लोगों ने उन्हें देख लिया. इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई. कुछ देर बाद कल्लू गोपाल के घर पहुंचे और परिजनों को उनके मृत पड़े होने की जानकारी दी. सूचना मिलने पर परिवार के लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे. गोपाल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके.

पिता ने कल्लू, उनके बेटों समेत महिलाओं पर लगाया आरोप: गोपाल के पिता विजय प्रकाश तिवारी ने साढ़ थाने में दी तहरीर में कल्लू अवस्थी, उनके बेटे विकास अवस्थी और मोहित अवस्थी समेत घर की महिलाओं को नामजद किया है. उन्होंने सभी पर बेटे की पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है.

आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें जुटीं: साढ़ थाना प्रभारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में अवैध संबंधों के शक में हत्या किए जाने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है.

घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *