बहराइच में भेड़ियों के नए झुंड को लेकर घूम रहा ‘लंगड़ा सरदार’? वन विभाग ने कही ये बात

Spread the love

UP के बहराइच में भेड़ियों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा. महसी तहसील के ग्रामीणों ने दावा किया है कि उन्होंने इलाके में चार भेड़ियों के नए झुंड को देखा है. इस झुंड में एकमात्र बचा हुआ अल्फा भेड़िया भी शामिल है. इस भेड़िये को ‘लंगड़ा सरदार’ भी कहा जा रहा है. वन विभाग के मुताबिक, 6 भेड़ियों में से 5 को पकड़ लिया गया है और जो बचा हुआ आदमखोर भेड़िया है वो लंगड़ा है. उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं. मगर अब ग्रामीणों के दावे के बाद कि उन्होंने भेड़ियों का नया झुंड देखा, इलाके में दहशत फैल गई है. 

ग्रामीणों की माने तो भेड़ियों का नया झुंड महसी तहसील के मंगला गांव के एक फार्म हाउस के पास देखा गया है. जिस स्थान पर झुंड देखा गया है वह भेड़िये के आतंक को लेकर सबसे ज्यादा संवेदनशील सिसैया चूड़ामणि गांव से मात्र 5 किलोमीटर दूर है. 

हालांकि, डीएफओ अजीत प्रताप सिंह का कहना है कि जांच के बाद ही ये पक्का हो सकेगा कि वे आदमखोर भेड़िये ही थे. डीएफओ ने कहा कि वहां पर पुरानी मांद है, भेड़िया के पग मार्क भी मिले हैं, मगर गतिविधियों से नहीं लगता उनके साथ वह आदमखोर ‘लंगड़ा सरदार’ होगा. अगर लंगड़ा भेड़िया उस ग्रुप में शामिल है और उसको पकड़ा जाता है तो बाकी के भेड़िये भी आदमखोर हो सकते हैं, क्योंकि उनमें बदला लेने की प्रवृत्ति होती है, तब स्थितियां और खराब हो सकती हैं. 

मीडिया से बात करते हुए डीएफओ ने आशंका जताई है कि भेड़ियों का यह झुंड अगर नरभक्षी नहीं है, फिर भी इसे पकड़ने की कवायद की गई तो ये भेड़िये भी बदले की भावना से इंसानों पर हमलावर हो सकते हैं, और एक नई समस्या खड़ी कर सकते हैं.

गौरतलब हो कि बहराइच में आदमखोर भेड़िये ने आतंक मचा रखा है. ये अबतक 9 लोगों को मार चुके हैं और दर्जनों को घायल कर चुके हैं. वन विभाग के मुताबिक, अब सिर्फ एक लंगड़ा भेड़िया बचा है क्योंकि बाकी के 5 पकड़ लिए गए हैं. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *