कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर DCM का अचानक फटा टायर, सड़क पर बिखरा सामान; लगा जाम

Spread the love

कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर मंगलवार भोर पहर परचून का सामान लादकर फतेहपुर जा रही एक डीसीएम का टायर फटने से वह पलट गई. हादसे में चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही.

महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर के पास मंगलवार भोर पहर कानपुर घंटाघर से परचून का सामान लादकर फतेहपुर के खागा जा रही डीसीएम का अचानक टायर फट गया. टायर फटते ही डीसीएम अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई.

हादसे में डीसीएम पर सवार चालक शकील (48) पुत्र कल्लू निवासी मोहम्मदपुर कला थाना थरियांव फतेहपुर, महेंद्र सिंह (27) पुत्र गजराज सिंह निवासी ग्राम शिकारपुर थाना खागा, धर्मेंद्र (35) पुत्र गजराज और ओम किशन (42) पुत्र स्व. शिव भूषण निवासी ग्राम पूरा थाना खागा घायल हो गए.

टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम में लदा सारा परचून का सामान हाईवे पर बिखर गया. हादसे के बाद कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही. सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया. इसके बाद डीसीएम को क्रेन से किनारे कराया गया, तब जाकर यातायात सुचारू हो सका.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *