‘राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय’, योगी का गठबंधन पर तीखा हमला

Spread the love

UP के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर एक साथ तीखा हमला बोलते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमा दिया है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं। अखिलेश को अयोध्या जाने से पहले रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए।

CM योगी ने तंज कसते हुए कहा कि राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है। मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव कहना आस्था के अनुरूप है, जबकि राम नाम सत्य विदाई के समय कहा जाता है। मुख्यमंत्री बुधवार को एक टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में बोल रहे थे।

कट्टा-बम से ब्रह्मोस तक पहुंचा प्रदेश: सीएम ने कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर पिछली सरकारों को निशाने पर लिया। कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और अव्यवस्था थी। उस समय कट्टा-बम की फैक्ट्रियां चलती थीं, जबकि अब प्रदेश में रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और निवेश के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां बनाई गई हैं।

नौकरी और सुरक्षा के मुद्दे पर भी गिनाईं उपलब्धियां: योगी ने बताया कि अब तक पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। 26 जनवरी तक यह संख्या साढ़े दस लाख करने का लक्ष्य है। पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट दिए गए और दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट देने की तैयारी है। युवाओं को एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर जैसी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा पर मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि बेटियों, व्यापारियों, निवेशकों और राह चलती महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए दो ही जगह हैं, जेल या जहन्नुम। उन्होंने चार लाख मकान खरीदारों को आवास दिलाने और नोएडा जाने से जुड़े पुराने अंधविश्वास को तोड़ने का भी जिक्र किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *