काशी में भव्य देव दीपावली: नमो घाट पर उमड़ा पर्यटकों का सैलाब, 2100 ड्रोन से दिखाई शिव लीला

Spread the love

काशी में देव दीपावली पर शाम होते ही सभी गंगा घाट दीयों से जगमग हो उठे। गंगा तटों पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। नमो घाट पर पहुंचे पर्यटकों में गजब का उत्साह देखने को मिला। गंगा के 84 घाटों से लेकर वरुणा नदी के तट और शहर के कुंड-तालाबों तक असंख्य दीपों की रोशनी ने अद्भुत छटा बिखेरी। गंगा के दोनों तट दीपों से जगमगाते नजर आए। नमो घाट, दशाश्वमेध, अस्सी और ललिता घाट से उत्सव का नजारा लाइव प्रसारित किया गया। इस अलौकिक दृश्य को देखने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटक और श्रद्धालु काशी पहुंचे।

2100 ड्रोन से शिवलीला दिखाई गई। गले में सर्प और त्रिशूल के साथ जटाओं से निकलती मां गंगा को दिखाया गया। इससे पहले नमो घाट पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने पहला दीप जलाया। इसके बाद 84 घाटों पर करीब 11 लाख दीये जलाए गए। सभी घाट दीयों की रोशनी से जगमगा रहे हैं। इसके बाद हुई गंगा आरती में करीब 5 मिनट तक आतिशबाजी की गई।

देव दीपावली देखने के लिए 40 देशों से मेहमान काशी पहुंचे हैं। कुल 15 लाख पर्यटक पहुंचे हैं। काशी विश्वनाथ मंदिर से लेकर नमो घाट और हरिश्चंद्र घाट तक आकर्षक सजावट की गई है। बबुआ पांडेय घाट पर दीयों से लिखा- ‘राधे-राधे कमल खिला दे।’

कंबोडिया से आईं जेसिका ने कहा- मुझे इतने बड़े उत्सव की उम्मीद नहीं थी। ग्रीस की एलेक्सिया ने कहा- भारत खूबसूरत और आध्यात्मिक देश है। हर किसी को जीवन में कम से कम एक बार काशी जरूर आना चाहिए।

देव दीपावली की तैयारियां जिला प्रशासन समेत विभिन्न विभागों ने करीब 15 दिन पहले से शुरू कर दी थीं। घाटों की सजावट, साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। नमो घाट पर पहुंचे पर्यटक भी यहां की भव्यता और व्यवस्थाओं से अभिभूत नजर आए। किसी ने काशी की आध्यात्मिक पहचान को उत्सव से जोड़कर देखा तो किसी के लिए यह यादगार अनुभव बन गया।

देव दीपावली पर उमड़े श्रद्धालु 

नमो घाट पर पहुंचे एआरपी पुरंदर कुमार पांडेय ने कहा कि काशी दिव्य और भावनाओं से जुड़ी नगरी है। देव दीपावली इस नगरी की खूबसूरती और आकर्षण को कई गुना बढ़ा देती है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था। इसीलिए देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था।

पहली बार नमो घाट पहुंचे आदित्य सिंह ने कहा कि यहां आकर बेहद उत्साह और सुख की अनुभूति हो रही है। घाट पर साफ-सफाई की व्यवस्था भी काफी अच्छी है। आजमगढ़ के विशाल राय ने बताया कि वह तीन साल से देव दीपावली देखने काशी आ रहे हैं। नमो घाट का आयोजन हर बार उन्हें नया लगता है। इस बार उनके गांव रानी की सराय से भी कई युवा उत्सव देखने पहुंचे हैं।

देव दीपावली पर सजे घाट.

वहीं, जौनपुर के आनंद सिंह अपने बच्चों और परिवार के साथ नमो घाट पहुंचे। उन्होंने बताया कि बच्चे देव दीपावली की रील और वीडियो बनाते हैं। उनका मानना है कि देव दीपावली पर नमो घाट से बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *