देहरादून रेलवे स्‍टेशन पर बवाल, बदायूं के प्रेमी युगल को लेकर दो समुदायों में पथराव-तोड़फोड़

Spread the love

उत्‍तराखंड के देहरादून रेलवे स्‍टेशन पर गुरुवार रात दो समुदाय आमने-सामने आ गए. दोनों तरफ से पथराव में कई लोग घायल हो गए. इतना ही नहीं देहरादून रेलवे स्‍टेशन पर खड़ी ट्रेनों में तोड़फोड़ भी की गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को भगाया. देहरादून पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से उपद्रवियों की पहचान कर रही है. बताया गया कि बदायूं के प्रेमी जोड़ को लेकर दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए. 

ऐसे बिगड़ा माहौल 
दरअसल, यह पूरा बवाल आरपीएफ द्वारा बदायूं के प्रेमी युगल को पकड़ने पर हो गया. गुरुवार रात देहरादून रेलवे स्‍टेशन पर RPF ने एक युवक और युवती को संदिग्‍ध देखकर पकड़ लिया. रेलवे पुलिस ने जब दोनों से पूछताछ की तो पता चला कि दोनों घर से भाग आए हैं. इसके बाद दोनों को रेलवे पुलिस कार्यालय में बैठा लिया. पूछताछ में पता चला कि यूपी के बदायूं थाने में किशोरी के गायब होने की गुमशुदगी दर्ज है. किशोरी लड़के के साथ देहरादून आ गई. 

सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश 
किशोरी के मिलने की सूचना पर परिजन और बदायूं पुलिस देहरादून के लिए रवाना हो गई. दोनों अलग-अलग समुदाय के थे. इस पर कुछ लोगों ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की. कुछ ही देर में देहरादून रेलवे स्‍टेशन पर दोनों समुदाय के लोग एकत्रित हो गए और मारपीट शुरू हो गई. दोनों तरफ से पथराव भी किया गया. इतना ही नहीं ट्रेनों में तोड़फोड़ की भी सूचना है. तनाव को देखते हुए रेलवे स्‍टेशन पर भारी फोर्स तैनात कर दी गई. 

देहरादून कोतवाली में मामला दर्ज 
देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि यूपी के बदायूं के रहने वाला नाबालिग प्रेमी जोड़ा को लेकर कानून व्‍यवस्‍था बिगाड़ने की कोशिश की गई. देहरादून कोतवाली में मामला दर्ज कर लिया गया है. रेलवे स्‍टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से उपद्रवियों की पहचान की जा रही है. फ‍िलहाल, रेलवे स्‍टेशन पर फोर्स तैनात है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *