मध्य प्रदेश में जगह-जगह भीषण बारिश हो रही है. इसके चलते गर्मी से तो राहत मिली है लेकिन लोगों को खासी परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है. इस बीच शुक्रवार देर शाम उज्जैन में बड़ा हादसा हो गया. यहां महाकाल मंदिर के चार नंबर गेट के पास बनी एक दीवार मिट्टी धंसने के चलते गिर गई. जानकारी के मुताबिक मलबे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है. सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस-प्रशासन की टीम पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. दीवार गिरने से कुछ लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है.

बता दें कि मध्य प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने इंदौर-उज्जैन जबलपुर और ग्वालियर संभाग में बारिश का अलर्ट जारी किया हुआ है. IMD के मुताबिक एमपी में अब तक एवरेज 42.6 इंच बारिश हो चुकी है. दरअसल, हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बन गया है, जिसकी वजह से उत्तरी मध्य प्रदेश में शुक्रवार से बारिश तेज हो गई है. ऐसे में राज्य में अगले 2-3 दिन बारिश होने की संभावना है. खासतौर पर इंदौर, उज्जैन, रीवा, ग्वालियर और सागर में तेज बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है.
















Leave a Reply