चैम्पियंस ट्रॉफी में जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया का आगाज, इंग्लैंड को 5 विकेट से हराया

Spread the love

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में जीत के साथ आगाज किया है. 22 फरवरी (शनिवार) को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हरा दिया. ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 352 रनों का विशाल टारगेट मिला था, जिसे उसने 48वें ओवर में हासिल कर लिया. चैम्पियंस ट्रॉफी के इतिहास का ये सबसे बड़ा रनचेज रहा. साथ ही यह आईसीसी के वनडे टूर्नामेंट का भी सफलतम रनचेज है.

ऑस्ट्रेलियाई टीम की जीत के हीरो विकेटकीपर जोश इंगलिस रहे. इंगलिस ने 86 गेंदों पर नाबाद 120 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 6 छक्के शामिल रहे. इंगलिस और एलेक्स कैरी के बीच पांचवें विकेट के लिए 146 रनों की साझेदारी हुई, जिसने मैच का नक्शा पलट दिया. कैरी ने 8 चौके की मदद से 63 गेंदों पर 69 रन बनाए. ओपनर मैथ्यू शॉर्ट ने भी 66 गेंदों पर 63 रनों की पारी खेली, जिसमें 9 चौके और एक सिक्स शामिल रहा. मार्नस लाबुशेन (47) और ग्लेन मैक्सवेल (32*) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं.

इंग्लैंड ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए आठ विकेट पर 351 रन बनाए. इंग्लैंड के लिए ओपनर बेन डकेट ने 165 रन बनाए, जिसमें 17 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. डकेट के अलावा जो रूट ने भी चार चौके की मदद से 78 गेंदों पर 68 रनों की पारी खेली. ऑस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज  बेन ड्वारशुइस ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए. वहीं स्पिन गेंदबाजों मार्नस लाबुशेन और एडम जाम्पा को दो-दो सफलताएं हासिल हुईं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *