बकरीद पर अमन-चैन की दुआ में उठे हजारों हाथ: अकीदत के साथ अदा की नमाज, दी मुबारकबाद

Spread the love

बकरीद का त्यौहार पूरी शांति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. मुस्लिम समाज के लोगों ने सुबह से ही मस्जिदों व इबादतगाहों में नमाज अदाकर मुल्क में अमन चैन और तरक्की की दुआ मांगी और एक दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी.

कानपुर में बड़ी ईदगाह मस्जिद के अंदर हजारों की संख्या में नमाज़ियों ने नमाज अदा की. शहर की सभी बड़ी- छोटी मस्जिदों में अलग-अलग समय हो रही है नमाज. बड़ी ईदगाह के बाहर डीएम, जेसीपी, समेत अधिकारी मौजूद रहे. डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह मरकजी ईदगाह पहुंचे. वहां नमाजियों को बधाई दी.

लखनऊ में ईद-उल-अजहा की सबसे बड़ी जमात ऐशबाग ईदगाह, टीले वाली मस्जिद और शिया समुदाय की सबसे बड़ी जमात आसिफी मस्जिद में नमाज अदा की गई. इस मौके पर सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए. पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और संवेदनशील जगहों की ड्रोन से निगरानी की जा रही है.

चंदौली में नमाज पढ़ने आए नमाजियों की कार का शीशा किसी ने तोड़ दिया. इसे लेकर जमकर हंगामा हुआ. नाराज नमाजियों ने सड़क पर जाम लगा दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे मामला शांत कराया. संभल में ईदगाह और जामा मस्जिद में भारी संख्या में फोर्स के बीच नमाज पढ़ी गई.

यूपी में करीब 30 हजार मस्जिदों और 40 हजार ईदगाहों में ईद की नमाज पढ़ी गई. सीएम योगी, मायावती और अखिलेश यादव ने बकरीद की बधाई दी. बरेली में इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष शहाबुद्दीन रजवी ने मौलानाओं से अपील की कि बकरीद पर आतंकवाद के खिलाफ तकरीरे करें.

अमेठी जिले में शनिवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार पूरे अकीदत और एहतराम के साथ मनाया गया. शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मस्जिदों और ईदगाहों में सुबह से ही नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोग जुटे. नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और देश में अमन-चैन व तरक्की की दुआ मांगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *