दिल्ली उच्च न्यायालय के बाद अब बॉम्बे उच्च न्यायालय को भी बम की धमकी मिली. जानकारी के अनुसार, पुलिस ने पूरे न्यायालय को खाली कराना शुरू कर दिया. न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए एक वकील ने कहा कि पुलिस ने उन्हें बाहर जाने को कहा है और कहा है कि बम की धमकी की अफवाह है. उन्होंने हमें बताया कि यह मुख्य न्यायाधीश का आदेश है.
बम की धमकी के बाद तलाशी अभियान चलाया गया है और परिसर को खाली कराया गया. एहतियात के तौर पर सभी न्यायाधीशों, वकीलों, कर्मचारियों और आगंतुकों को तुरंत अदालत परिसर खाली करने का निर्देश दिया गया है. सुरक्षा दल पूरे इमारत की गहन तलाशी ले रहे हैं. बता दें, मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि धमकी भरे मेल के आधार पर कोर्ट को खाली कराया गया. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि बॉम्बे हाईकोर्ट को कोई अलग धमकी मिली थी या दिल्ली हाईकोर्ट को मिले ईमेल में उसका नाम भी था.

दिल्ली हाई कोर्ट को भी मिला था बम की धमकी वाला मेल: इससे पहले, दिन में दिल्ली हाई कोर्ट में बम की धमकी मिलने से वादियों और न्यायाधीशों में दहशत फैल गई थी जिससे न्यायाधीशों को अचानक उठना पड़ा था. यह अफरा-तफरी एक ईमेल के बाद मची थी जिसके जरिए न्यायालय प्रशासन को उच्च न्यायालय पर हमले की धमकी मिली थी. इसके बाद पुलिस और अन्य एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू किया था.
सूत्रों के अनुसार, यह ईमेल महापंजीयक को सुबह लगभग 8.39 बजे मिला और कुछ न्यायाधीशों को इसकी सूचना दी गई. जब न्यायाधीश कार्यवाही कर रहे थे तभी उनके न्यायालय कर्मचारी आए और उन्हें बम की धमकी वाले ईमेल के बारे में बताया जिसके बाद वे अदालत कक्षों से बाहर आ गए. सूत्रों से मिली ताजा जानकारी के अनुसार, दिल्ली हाई कोर्ट को दी गई धमकी एक अफवाह मात्र थी, पुलिस को तलाशी के दौरान कोई बम जैसी चीज बरामद नहीं हुई.













Leave a Reply