UP के मथुरा में गोवर्धन पूजा पर आज भक्तों का सैलाब उमड़ा है. गोवर्धन में श्रद्धालु लेट-लेटकर गोवर्धन पर्वत की 21 किमी. लंबी परिक्रमा कर रहे हैं. उन्हें 56 भोग अर्पित कर रहे हैं.
40 देशों से 10 हजार से ज्यादा विदेशी भी गोवर्धन पहुंचे हैं. भजन-कीर्तन कर रहे हैं. ढोल-नगाड़ों पर डांस कर रहे हैं. मिठाइयों से गोवर्धन पर्वत बना रहे हैं. भगवान का प्रसाद तैयार कर रहे हैं.
वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर के बाहर 3km लंबी लाइन लगी है. भक्त सुबह 4 बजे से लाइन में खड़े हैं. इस्कॉन की गौशाला में 2000 किलो सूजी के हलवे से गिरिराज जी बनाए गए हैं.
दरअसल, द्वापर में भगवान श्री कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी छोटी उंगली पर उठाया था. 7 दिन 7 रात तक उठाने के बाद इंद्र का मान भंग किया और ब्रजवासियों की रक्षा की थी. तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा चली आ रही है.
भक्तों ने पूजा अर्चना के साथ दूध, दही,खिल, कढ़ी – भात का भोग लगा के सुख समृद्धि की कामना की. बच्चों और युवाओं ने आतिशबाजी भी की। घरों में गोवर्धन महाराज पधारने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया. महिलाओं ने भगवान कृष्ण की गोवर्धन उठाते हुए आकृति गोबर से बनाई. सजाने के लिए फूलों के अलावा सूखे रंगों का भी प्रयोग किया गया. आकृति को आकर्षक ढंग से सजाया गया। शाम ढलते ही गिरिराज महाराज को घर के बाहर स्थापित किया जाएगा.
















Leave a Reply