कानपुर के बाबूपुरवा थानाक्षेत्र में सोमवार देर रात पिंक चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष की लुटेरे दो सोने की चेन छीन कर फरार हो गए.
अधिवक्ता अपने मित्र के घर से लौट रहे थे. तभी दो युवक उनसे पता पूछने के बहाने आए और अन्य दो युवक पीछे से आए और गले में झपट्टा मार दिया. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी कैद हो गए.
अपने मित्र से मिलने के लिए मसवानपुर गए थे: बाबूपुरवा एनएलसी कॉलोनी निवासी अधिवक्ता हर्ष कुमार वर्मा लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं. उन्होंने बताया कि सोमवार को वह अपने अधिवक्ता मित्र अमित शर्मा के साथ मसवानपुर निवासी के मित्र के घर गए हुए थे. जहां से वह रात करीब 8:15 बजे वापस लौटे. हर्ष के मुताबिक अमित ने उन्हें त्रिवेणी मार्केट स्थित मौसिया पान शॉप पर उतार दिया था.
जिसके बाद वह पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे, वह किदवई नगर पिंक चौकी से महज 100 मीटर पर पहुंचे ही थे, तभी दो युवक उनके पास पहुंचे और गेट नंबर 6 जाने का रास्ता पूछने लगे.

पैर में चोट लगने के कारण पीछा नहीं कर पाया: हर्ष ने बताया कि वह रास्ता बता रहे थे, तभी दो अन्य युवक उनके पीछे आए और उनके गले में झपट्टा मारकर 30 ग्राम और 10 ग्राम की सोने की चेन तोड़कर भागने लगे, उन्होंने चेन पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन लुटेरे चेन तोड़कर भाग निकले.
हर्ष ने बताया कि उनके पैर में चोट होने के कारण वह लुटेरों का पीछा नहीं कर सके. शोर मचाने पर इलाकाई लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक लुटेरे मौके से फरार हो गए थे. पीड़ित अधिवक्ता ने मामले की जानकारी डॉयल–112 पर दी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी खंगाले, जिसमें लुटेरे कैद हो गए, हालांकि फुटेज में उनका चेहरा साफ नहीं सका. मामले में बाबूपुरवा इंस्पेक्टर नीरज ओझा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से अब तक तहरीर नहीं मिल सकी है, मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है.
















Leave a Reply