कानपुर के हनुमंत विहार थानाक्षेत्र के संजय गांधी नगर में मकान के बंटवारे को लेकर बड़े भाई की ईंट से कूंचकर हत्या करने के मामले में मृतक के भतीजे की तहरीर पर आरोपी छोटे भाई व उसकी पत्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने हत्यारोपी भाई व उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया वहीं मंगलवार को केपीएम के दो डॉक्टरों के पैनल से मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया.
रविवार रात दोनों भाइयों के बीच हुआ था झगड़ा: संजय गांधी नगर निवासी 40 वर्षीय आनंद सिंह उर्फ रगडू वर्ष 2022 में हत्या के मामले में जेल से छूटने के बाद छोटे भाई प्रियम सिंह के परिवार के साथ रह रहा था. परिवार में प्रियम की पत्नी रानी और 15 वर्षीय बेटी शीतल हैं। बताया गया कि रविवार देर रात दोनों भाइयों के बीच नशे की हालत में मकान के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया था. कहासुनी के बाद दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई.

घटनास्थल पर जांच पड़ताल करते डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी.
आरोप है कि प्रियम की पत्नी और बेटी ने पहले आनंद को घर के बाहर लाठी-डंडों से पीटा. इसके बाद उसे घर के अंदर ले जाया गया, जहां प्रियम ने ईंट से कूचकर उसकी हत्या कर दी. बाद में शव को पड़ोस में बाबा नगर निवासी सचिन पाल के खाली प्लाट में फेंक दिया. बताया गया कि वारदात से पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए थे.
सोमवार सुबह पड़ोसियों ने प्लाट में शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची हनुमंत विहार पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. घटना के बाद हत्यारोपी प्रियम फरार हो गया था, जबकि पुलिस ने उसकी पत्नी रानी और बेटी शीतल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था.

घटना के बाद मौके पर जमा इलाकाई लोगों की भीड़.
मृतक के भतीजे की तहरीर पर FIR: मंगलवार को मृतक के भतीजे दिव्यांशु सिंह की तहरीर पर पुलिस ने प्रियम सिंह, उसकी पत्नी रानी के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि हत्यारोपी छोटे भाई प्रियम सिंह और रानी को अरेस्ट कर जेल भेजा गया है, जबकि उसकी नाबालिग बेटी शीतल देवी के खिलाफ साक्ष्य नहीं मिले हैं.
वहीं मंगलवार को केपीएम के डॉ. रमेश कुमार व डॉ. धर्मेंद्र के पैनल से मृतक का पोस्टमार्टम शुरू कराया गया. डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि मृतक वर्ष 2007 में हत्या के एक मामले में जेल गया था। वर्ष 2022 में जेल से छूटने के बाद वह छोटे भाई के साथ रह रहा था। दोनों के बीच मकान के बंटवारे को लेकर विवाद था. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
















Leave a Reply