बिहार में 6 और 11 नवंबर को विधानसभा चुनाव: दो फेज में होगा मतदान 14 को आएगा नतीजा

Spread the love

चुनाव आयोग ने आखिरकार बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान कर दिया है. सोमवार (6 अक्टूबर) शाम 4 बजे दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि इस बार बिहार की सभी 243 सीटों पर मतदान दो चरणों में होगा. पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी. मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी और उसी दिन नतीजे घोषित होंगे.

आयोग ने साफ कर दिया है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. फेक न्यूज पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी. चुनाव आयोग ने कहा कि पारदर्शी चुनाव कराने के लिए हर स्तर पर पूरी तैयारी कर ली गई है. बिहार विधानसभा चुनाव में मतदान दो चरणों में होगा. पहले चरण में 121 सीटों पर वोट डाले जाएँगे, जबकि दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान होगा.

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि इस बार लगभग 7.43 करोड़ लोग मतदान करने के पात्र हैं. इनमें करीब 3.92 करोड़ पुरुष और 3.50 करोड़ महिलाएं शामिल हैं. इसके अलावा 1,725 थर्ड जेंडर मतदाता भी सूची में दर्ज हैं. लगभग 7.2 लाख दिव्यांग मतदाता और 4.04 लाख से ज्यादा वरिष्ठ नागरिक जिनकी उम्र 85 साल से ऊपर है, वोट डालेंगे. दिलचस्प बात यह है कि 100 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं की संख्या करीब 14 हजार है. इस बार लगभग 14 लाख युवा पहली बार मतदान करेंगे.

बिहार चुनाव के लिए 90 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र बनाए जाएंगे. इनमें 1,044 बूथ पूरी तरह से महिलाओं द्वारा संचालित होंगे. हर मतदान केंद्र पर वेबकास्टिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वोटिंग प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा सके.

बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर को खत्म हो रहा है, इसलिए उससे पहले चुनाव कराना जरूरी है. 2020 में विधानसभा चुनाव तीन चरणों में कराए गए थे. तब पहले चरण में 71 सीटों, दूसरे चरण में 94 सीटों और तीसरे चरण में 78 सीटों पर वोटिंग हुई थी. इस बार आयोग ने केवल दो चरणों में चुनाव कराने का फैसला लिया है.

राजनीतिक दलों ने आयोग से अनुरोध किया था कि मतदान की तिथियां छठ महापर्व के तुरंत बाद रखी जाएं ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले सकें. आयोग ने इस पर सहमति जताते हुए 6 और 11 नवंबर की तारीख तय की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *