कानपुर के नवाबगंज में गंगाबैराज मार्ग पर हादसा: ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, आधा दर्जन से ज्यादा दबे

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर जिले में ट्रैक्टर ट्रॉली बेकाबू होकर पलट गई. ट्रैक्टर सवार सभी लोग दब गए. आनन-फानन लोगों ने उन्हें निकाला और अस्पताल भेजा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, कानपुर के नवाबगंज थाना इलाके में अटल चौकी के आगे गंगाबैराज मार्ग पर अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली पलट गई. ट्रैक्टर पर आगे आधा दर्जन से अधिक लोग बैठे थे. ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से सभी लोग नीचे दब गए. राहगीरों ने उन्हें निकाला और सभी को अस्पताल भेजा.

हादसे की जानकारी पर नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका ICU में इलाज चल रहा है. तेज रफ्तार में ट्रैक्टर ने अचानक ब्रेक लगाई चश्मदीदों ने बताया- ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था. इसी दौरान सामने एक साइकिल सवार आ गया. उसे बचाने के प्रयास में उन्नाव के शंकरपुर सराय निवासी ट्रैक्टर चालक अमन यादव ने अचानक ब्रेक लगाई. ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया.

सभी घायल उन्नाव के रहने वाले: ट्रैक्टर पर सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. शोर सुनकर चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी भाग कर पहुंचे. राहगीरों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से हैलट अस्पताल ले जाया गया. हादसे में घायल लोगों में उन्नाव के शंकरपुर सराय निवासी अरविंद, उनके सगे भाई गोविंद, रोहित, सौरभ, सनी, अनुज और ढूलियाखेड़ा गांव निवासी सचिन घायल हुए हैं.

सभी मेट्रो में मजदूरी करने आ रहे थे: अनुज ने बताया कि उनकी पीठ, पैर और हाथ में चोट लगी है. ट्रैक्टर में बैठकर सभी मेट्रो में मजदूरी करने आ रहे थे. हादसे के चलते कुछ समय के लिए गंगा बैराज पर जाम लग गया. घायल अरविंद ने बताया- हम लोग विकास नगर स्थित मेट्रो में मजदूरी करते हैं। गांव के ट्रैक्टर ड्राइवर अमन के साथ काम करने जा रहे थे.

नवाबगंज थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया- घायलों को अस्पताल भेज कर ट्रैक्टर को रोड से हटवाया गया. फिर ट्रैफिक शुरू हुआ. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *