बिल्हौर के अरोल में 2 किशोरों की बाइक सीधे टकरायीं: दोनों की मौत, 4 घायल; हेलमेट नहीं पहने थे

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के बिल्हौर क्षेत्र में रविवार देर रात घने कोहरे के कारण दो बाइकों में भीषण टक्कर हो गई. हादसा अरौल थाना के पिहानी गांव में कोल्ड स्टोरेज के पास हुआ. दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए.

मृतकों की पहचान पिहानी गांव निवासी 17 साल के रितिक चतुर्वेदी और 16 साल के रौनक उर्फ बाबी के रूप में हुई है. रितिक, रौनक और नमन गौतम (16) कन्नौज के तेरामल्लू गांव से एक ही बाइक पर सवार होकर रात करीब 11 बजे अपने गांव लौट रहे थे.

टक्कर के बाद बाइकें सड़क पर दूर गिरीं: पिहानी-तेरामल्लू रोड पर गांव के नजदीक कोल्ड स्टोरेज के पास घने कोहरे के कारण उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई. दूसरी बाइक पर कोल्ड स्टोरेज का पल्लेदार सनोज अपने दो अन्य साथियों के साथ सवार थे. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें सड़क पर दूर जा गिरीं.

हेलमेट नहीं पहने थे, सिर में गंभीर चोट आई: हादसे के समय किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं. राहगीरों की सूचना पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत कन्नौज जिला अस्पताल पहुंचाया गया.

अस्पताल में डॉक्टरों ने रितिक चतुर्वेदी और रौनक उर्फ बाबी को मृत घोषित कर दिया. अन्य चार घायलों का इलाज चल रहा है. इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव ने बताया कि पुलिस टीम को कन्नौज जिला अस्पताल भेजा गया है. तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *