नौबस्ता में दो शातिर चेन लुटेरे दबोचे गये, वाहन चेकिंग के दौरान आये गिरफ्त में

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में हुई चैन लूट की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है. बीते दिनों अलग-अलग स्थानों पर एक महिला और एक पुरुष से चैन लूटकर फरार हुए तीन बदमाशों में से दो को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने धर दबोचा, जबकि तीसरा आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया.

पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने पीछा कर दो लुटेरों को पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों में राहुल नाम का शातिर बदमाश भी शामिल है, जिस पर उन्नाव जिले में लूट, दुष्कर्म और गैंगस्टर एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं. आरोपी राहुल करीब 27 महीने तक जेल में रह चुका है.

पुलिस ने पकड़े गए लुटेरों के कब्जे से एक लूटी हुई चैन और 5260 रुपये नकद बरामद किए हैं. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

इस संबंध में डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने प्रेस वार्ता कर बताया कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और आमजन की सुरक्षा में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *