कानपुर आसपास तेज हवा के साथ बारिश: सुबह छाया अंधेरा, ओले गिरने का अलर्ट

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर शहर में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली. सुबह होते ही आसमान में घने बादल छा गए और सड़कों पर अंधेरा सा माहौल बन गया. तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को ठंड और गलन का एहसास बढ़ गया. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के असर से हुआ है और बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.

शहर से सटे घाटमपुर क्षेत्र में भी सुबह से लगातार बारिश हो रही है. आसमान में काले बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने से ठंड और गलन काफी बढ़ गई है. बारिश के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और आम जनजीवन पर इसका असर देखने को मिला. लोग ठंड से बचने के लिए अलाव के पास बैठे दिखे। न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा.

मौसम क्यों बदला : मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर एसएन सुनील पांडेय ने बताया- “देर रात पश्चिमी विक्षोभ और एक एंटी साइक्लोन मिलने की वजह से बादलों की शृंंखला बनी है, जिसकी वजह से बारिश हुई है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी अरब सागर से माश्चर फीड भी आया है. बारिश की वजह से दिन का तापमान तेजी से गिरेगा. आने वाले दो से तीन दिनों तक तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा.”

आगे कैसा रहेगा मौसम, ये अभी स्पष्ट नहीं: मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि मौसमी सिस्टम स्लो मूविंग है. वह किधर जाएगा, इस पर अभी कुछ खास कहा नहीं जा सकता है. यदि आगे की ओर बढ़ गया तो कल से धूप निकल सकती है, अन्यथा मौसम इसी तरह का बना रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *