10वीं के छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दी, लड़की संग फोटो खिंचवाने को लेकर ब्लैकमेलिंग से त्रस्त था

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में 10वीं के छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया. पुलिस को छात्र के आईपैड के कवर में सुसाइड नोट मिला. नोट में लिखा- मैं समीर सैनी हूं, मुझे मेरी गली का एक लड़का ब्लैकमेल कर रहा है. मैं मरने जा रहा हूं. इसको कड़ी से कड़ी सजा मिले. उस लड़की की कोई गलती नहीं है. पूरी गलती मुर्गी (मोहल्ले के एक लड़के का नाम) की है.

रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर छात्र की शिनाख्त की. घरवालों ने बताया कि बुधवार शाम वह कोचिंग के लिए घर से निकला था मगर वह कोचिंग नहीं पहुंचा. गुरुवार सुबह वह पोस्टमार्टम पहुंचे. घटना पनकी थाना क्षेत्र की है.

पोस्टमार्टम हाउस पहुंच कर घरवालों ने समीर की पहचान की.

कोचिंग पढ़ने के लिए घर से निकला था, नहीं पहुंचा: शास्त्री नगर निवासी अनिल सैनी दादा नगर स्थित प्राइवेट फैक्ट्री में काम करते हैं. परिवार में उनकी पत्नी अनीता, बड़ी बेटी गुनगुन और 17 साल का बेटा अनिकेत उर्फ समीर सैनी था. अनिकेत विजय नगर स्थित बृज पब्लिक स्कूल में हाईस्कूल का छात्र था.

चचेरे भाई वैभव ने बताया कि समीर घर से करीब एक किमी. दूर कोचिंग पढ़ने जाता था. वह रात 9 बजे से सुबह 7 बजे तक कोचिंग पढ़ने जाता था. बुधवार शाम वह कोचिंग जाने की बात कहकर निकला था.

मगर वह कोचिंग नही पहुंचा. टीचर ने फोन कर परिजनों को जानकारी दी. इसके बाद घरवालों ने उसकी खोजबीन शुरू की. उसके दोस्तों को फोन कर जानकारी की. रिश्तेदारी में फोन किया। मगर उसका कहीं पता नहीं चला. घरवालों ने बताया कि मोहल्ले का ही एक लड़का समीर को परेशान कर रहा था.

घरवालों ने अधजले हाथ से समीर की शिनाख्त की: घरवाले उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे. जहां उन्हें जानकारी मिली कि एक लड़का ट्रेन से कटा है. गुरुवार सुबह घर वाले पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे. जहां कपड़ों और समीर के अधजले हाथ से उसकी पहचान हुई.

पनकी जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि पनकी धाम स्टेशन के पास युवक ट्रेन की चपेट में आ गया था जिससे उसकी मौत हो गई. परिजनों को अनिकेत का आईपैड मिला. जिसके कवर में एक सुसाइड नोट लिखा हुआ था. सुसाइड नोट को घरवालों ने पुलिस को सौंप दिया है.

घरवालों ने बताया कि जनवरी महीने में स्कूल में एक फंक्शन था. समीर ने साथ में पढ़ने वाली एक लड़की के साथ एक फोटो खिंचवाई थी. जिसे उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया था. पोस्ट का स्क्रीन शॉट लेकर इलाके का एक किशोर उसे ब्लैकमेल कर रहा था.

घरवालों ने बताया कि मोहल्ले का ही एक लड़का समीर को परेशान कर रहा था.

घरवाले बोले- मोहल्ले का लड़का परेशान कर रहा था: वह धमकी दे रहा था कि उसे और उस लड़की को बदनाम कर देगा। लड़की के घरवालों को बता देगा कि लड़की और समीर के बीच लव अफेयर है. घरवालों ने बताया कि समीर उस लड़के की धमकी से डर गया था.

बताया कि आरोपी किशोर समीर को ब्लैकमेल कर पैसे की मांग कर रहा था, मगर समीर ने पैसे देने से इनकार कर दिया था. ब्लैकमेल से परेशान होकर ही उसने सुसाइड किया है.

छात्र के आईपैड के कवर से दो पेज का सुसाइड नोट मिला है. इसमें उसने मोहल्ले के एक लड़के पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है.
सुसाइड नोट में ये लिखा: “मैं समीर सैनी हूं, मुझे मेरी गली के लड़के ब्लैकमेल कर रहे हैं. मैं मरने जा रहा हूं. इसको (किशोर) कड़ी से कड़ी सजा मिले. मैंने एक लड़की के साथ फोटो खिंचाई थी, उस लड़की को भी वह परेशान कर रहा था. जबकि उस लड़की की कोई गलती नहीं है. उसके घर तक गया. सब गलती मुर्गी (किशोर का घर का नाम) की है. मेरे फोन में 3 आईडी हैं. हम जा रहे हैं. यहां से बहुत दूर. हम फिर बोल रहे, उस लड़की की कोई गलती नहीं है.”

पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि घरवालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है. अगर तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी. जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम भिजवाया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *