कल्याणपुर में आरोपियों पर पुलिस कार्रवाई ना होने से आहत युवक ने पेट्रोल डालकर लगाई आग

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में शनिवार की देर रात सनसनीखेज घटना सामने आई. पथराव की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर एक युवक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और पेट्रोल डालकर आग लगा ली. आग से युवक करीब 25 प्रतिशत झुलस गया. उसे गंभीर हालत में उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पीड़ित युवक की पहचान कल्याणपुर कला निवासी अनुराग दीक्षित उर्फ राहुल के रूप में हुई है. वह पेशे से कार चालक है. परिजनों का आरोप है कि उसके पड़ोसी पिछले कई दिनों से उन पर केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे. इसी को लेकर वे बार-बार झूठी शिकायत कर पुलिस बुला लेते थे.

खुर्द निवासी अभिषेक दीक्षित ने बताया कि बीते 11 जनवरी को पड़ोस में रहने वाले विशाल, कटियार से बुलेट से तेज़ आवाज निकालने को लेकर बड़े भाई अनुराग दीक्षित से विवाद हो गया था जिसके बाद विशाल कटियार, शुभम कटियार संजू कटियार सहित करीब 10 से अधिक लोग अभिषेक के घर पर मारपीट कर दी थीं. इसमें मां गीता देवी को गंभीर चोट आई थीं अनुराग के सिर फटा था. जिसके बाद पुलिस ने अभिषेक दीक्षित की तहरीर पर नामजद सहित 10 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया था.

अभिषेक दीक्षित आरोप लगाते हुए बताया कि पुलिस कार्रवाई न होने से नाराज होकर वह बीते सप्ताह मुख्यमंत्री से मिलने गया था। इसके बाद मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश के बाद चौकी प्रभारी विनय तिवारी को लाइन हाजिर कर दिया गया था.

अनुराग के छोटे भाई का कहना है कि 11 जनवरी 2026 को घर के पास आयोजित भंडारे के दौरान पड़ोसी शिवम कटियार तेज रफ्तार बाइक चलाते हुए निकला था. विरोध करने पर शिवम ने अपने परिजनों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था. इस हमले में मां गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और सिर में गहरी चोट लगने के कारण उन्हें लगभग 25 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था.

इस मामले में कल्याणपुर पुलिस ने नौ नामजद समेत 19 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था, जिसमें चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है. इसके बावजूद आरोपियों पर ठोस कार्रवाई न होने से पीड़ित परिवार लगातार तनाव में था. परिजनों का कहना है कि आरोपी पक्ष समझौते का दबाव बनाने के लिए झूठी सूचनाएं देकर पुलिस को बुलाता रहता था.

शनिवार की रात भी इसी तरह पथराव की झूठी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. आरोप है कि पुलिस ने बिना जांच किए अनुराग को थाने चलने के लिए कहा. इससे घबराकर वह घर के अंदर चला गया और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली.

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि युवक द्वारा आत्महत्या का प्रयास किया गया है. फिलहाल उसका इलाज जारी है. घटना को लेकर तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है. जांच के दौरान यदि किसी पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *