विश्व कप में बड़े उलटफेर से बची इग्लैंड, सांस रोक देने वाले मैच में नेपाल को 4 रनों से हराया

Spread the love

रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए ICC पुरुष T20 विश्व कप 2026 के 5वें मुकाबले में इंग्लैंड ने नेपाल को 4 रनों से हरा दिया है. रोमांचक मुकाबले में नेपाल की टीम इतिहास रचते-रचते रह गई. आखिरी गेंद पर जीत के लिए 6 रनों की जरूरत थी, लेकिन सैम करन ने चतुराई भरी गेंदबाजी करते हुए यह रन बचा लिए और इंग्लैंड की इज्जत रख ली. यह मुकाबला बेहद खास रहा क्योंकि पहले तो नेपाल के गेंदबाजों ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम जैसी पिच पर 200 के स्कोर बनाने से रोक दिया इसके बाद शानदार बल्लेबाजी करते हुए इग्लैंड की टीम को आखिरी गेंद तक लड़ने के लिए मजबूर कर दिया.

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उनकी शुरुआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट मात्र 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल (55 रन) और कप्तान हैरी ब्रूक (53 रन) ने अपनी अर्धशतकीय पारी से इग्लैंड को संभाला. आखिर में विल जैक्स ने मात्र 18 गेंदों पर 4 छक्कों की मदद से नाबाद 39 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसकी बदौलत इंग्लैंड ने 20 ओवर में 184/7 का अच्छा स्कोर खड़ा किया. नेपाल के गेंदबाजों ने इंग्लैंड के बड़े बल्लेबाजों के सामने बेहतरीन जज्बा दिखाया. इन गेंदबाजों ने सटीक गेंदबाजी की। दीपेंद्र सिंह ऐरी और नंदन यादव नेपाल के सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने क्रमशः 23 और 25 रन देकर 2-2 विकेट चटकाए.

संदीप लामिछाने ने भी बेहद कसी हुई गेंदबाजी की. उन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में केवल 25 रन दिए और एक विकेट हासिल किया. नेपाल की अनुशासित गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग के कारण इंग्लैंड की टीम एक समय बहुत बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन 185 रन ही बना सकी. 185 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम ने विश्व चैंपियन इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी. कुशल भुरतेल ने 17 गेंदों पर 29 रनों की तेज पारी खेलकर अच्छी शुरुआत दिलाई. इसके बाद कप्तान रोहित पौडेल (39 रन) और दीपेंद्र सिंह ऐरी (44 रन) के बीच तीसरे विकेट के लिए 82 रनों की बेहतरीन साझेदारी हुई. इस साझेदारी ने इंग्लैंड के खेमे में खलबली मचा दी। मैच के अंतिम ओवरों में लोकेश बाम ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और मात्र 20 गेंदों पर 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 39 रन बनाए. उनकी इस पारी ने मैच को पूरी तरह से रोमांचक बना दिया और जीत की उम्मीदें आखिरी गेंद तक जीवित रखीं.

इंग्लैंड की जीत में स्पिनर लियाम डॉसन ने मुख्य भूमिका निभाई. उन्होंने अपने 4 ओवरों में मात्र 21 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट झटके. उनकी सटीक गेंदबाजी से नेपाल की रनों की रफ्तार पर लगाम लगी. जोफ्रा आर्चर, ल्यूक वुड और सैम करन ने भी एक-एक विकेट लेकर डॉसन का अच्छा साथ दिया. अंतिम ओवर में नेपाल को जीत के लिए 10 रनों की जरूरत थी, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाज सैम करने ने अपना धैर्य बनाए रखा और 10 रन नहीं बनाने दिए. उन्होंने नेपाल को 20 ओवर में 180/6 के स्कोर पर रोक दिया. इंग्लैंड ने यह मैच मात्र 4 रनों से जीतकर एक बड़े उलटफेर को टाल दिया. हालांकि, नेपाल ने अपने जुझारू प्रदर्शन से सभी का दिल जरूर जीता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *