पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के वीआईपी रोड पर हुए हाई-प्रोफाइल सड़क हादसे में अब पुलिस ने बड़ा अपडेट दिया है. पहले अज्ञात में दर्ज की गई एफआईआर में जांच के बाद शिवम मिश्रा का नाम जोड़ दिया गया है. कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने इस मामले बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रभारी इंस्पेक्टर ग्वालटोली संतोष कुमार गौड़ को लाइन हाजिर कर दिया है. उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि हादसे के वक्त लेम्बोर्गिनी कार शिवम मिश्रा ही चला रहा था. कार को सीज कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है. कमिश्नर ने यह भी स्वीकार किया कि एक्सीडेंट के बाद शिवम मिश्रा को उसके साथ मौजूद बाउंसर मौके से निकालकर दूसरी गाड़ी में ले गए थे.
क्या है पूरा मामला: यह पूरा मामला रविवार दोपहर करीब 3:15 बजे ग्वालटोली थाना क्षेत्र के रेव-3 वीआईपी रोड का है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दिल्ली नंबर की काली लेम्बोर्गिनी अचानक तेज रफ्तार में बेकाबू हो गई. कार ने सड़क किनारे और फुटपाथ पर खड़े लोगों को कुचलते हुए आगे बढ़ना जारी रखा. हादसे में एक बुलेट सवार समेत कम से कम छह लोग घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट सवार उछलकर दूर जा गिरा और कार का पहिया मोटरसाइकिल के ऊपर चढ़ गया.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया आंखों देखा हाल: घायलों में सोनू त्रिपाठी, विशाल और तौफीक शामिल हैं, जिन्होंने बताया कि वे सड़क किनारे खड़े थे तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए.
कार्रवाई को लेकर पुलिस पर उठे थे सवाल: आरोप है कि शिवम मिश्रा के साथ चल रहे बाउंसरों ने भीड़ का फायदा उठाते हुए उसे कार से बाहर निकाला और यह कहकर दूसरी गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए कि उसकी तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लेम्बोर्गिनी को कब्जे में लेकर थाने ले आई. कार को ढककर ले जाने से पुलिस की भूमिका पर सवाल भी उठे.
हादसे के 24 घंटे बाद भी शिवम मिश्रा फरार: बताया जा रहा है कि शिवम मिश्रा करोड़ों की टैक्स चोरी और लग्जरी कारों के शौक के लिए चर्चित तंबाकू कारोबारी के.के. मिश्रा का बेटा है. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस पर दबाव बढ़ा, जिसके चलते अब एफआईआर में नामजदगी की गई है. फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस का दावा है कि जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
कानपुर लेंबोर्गिनी हादसे पर बोले डिप्टी सीएम केशव मौर्य: यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कानपुर में बिज़नेसमैन के बेटे द्वारा लेंबॉर्गिनी से पैदल चलने वालों को टक्कर मारने की घटना पर कहा, “जो दुर्घटना जानकर करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई तो होगी. मेरे संज्ञान में पूरा मामला नहीं है लेकिन जो भी सड़क पर चलते हैं या वाहन चलाते हैं उनको ध्यान रखना चाहिए कि सामने भी कोई आ रहा है उनकी सुरक्षा की चिंता करना है और लापरवाही करने वाले के खिलाफ कार्रवाई होगी.”
















Leave a Reply