कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के बनियापुरवा गांव के पास रविवार रात करीब 11,बजे गंगा बैराज रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे अचानक एक मगरमच्छ दिखाई दिया। सड़क किनारे मगरमच्छ को देखकर राहगीर और आसपास के ग्रामीण सहम गए. कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी.
इस दौरान राहगीरों ने मगरमच्छ का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार को गंगा बैराज रोड से लोग गुजर रहे थे. इसी दौरान सड़क किनारे झाड़ियों के पास मगरमच्छ दिखाई दिया. मगरमच्छ को देखते ही राहगीरों ने अपने वाहन रोक दिए और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी.
देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई. भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने मोबाइल फोन से मगरमच्छ का वीडियो बनाना शुरू कर दिया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. मगरमच्छ के सड़क किनारे पहुंचने की सूचना मिलने पर कुछ लोगों ने डायल-112 पर पुलिस को जानकारी दी.
सूचना मिलते ही बिठूर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही मगरमच्छ सड़क किनारे झाड़ियों में चला गया. पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों को सतर्क रहने और झाड़ियों की तरफ न जाने की हिदायत दी.
गंगा का जलस्तर बढ़ने से गांवों में पहुंच रहे मगरमच्छ: स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गंगा का जलस्तर बढ़ने के बाद मगरमच्छ अक्सर गंगा से निकलकर आसपास के इलाकों और गांवों की तरफ पहुंच जाते हैं. बनियापुरवा और गंगा बैराज रोड के आसपास मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने और मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़कर नदी में छोड़ने की मांग की है.
पुलिस से मगरमछ पकड़वाने की लगाई गुहार: ग्रामीणों का कहना है कि गंगा किनारे बसे गांवों में लोग रोजमर्रा के काम के लिए नदी और आसपास के क्षेत्रों में आते-जाते हैं. ऐसे में मगरमच्छ के सड़क और आबादी के नजदीक पहुंचने से हादसे की आशंका बनी रहती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द प्रभावी कदम उठाने व उसे पकड़ने की मांग की है.
















Leave a Reply