कानपुर में बिठूर के गंगा घाटों पर आधी रात से सुरक्षा, डीसीपी ने नाव से लिया जायजा

Spread the love

सावन के अंतिम सोमवार पर कानपुर के विभिन्न गंगा घाटों खासतौर पर बिठूर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त इंतजाम किए गए। गहरे पानी में जाने से श्रद्धालुओं को रोकने के लिए घाटों पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस, जल पुलिस और एनडीआरएफ के जवान तैनात है.

पुलिसकर्मियों ने घाटों पर लगातार निगरानी रखते हुए श्रद्धालुओं से निर्धारित सीमा में ही स्नान करने की अपील की. रविवार आधी रात से ही बिठूर के प्रमुख घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी.

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी भी रविवार देर रात बिठूर पहुंच गए. उन्होंने नाव से गंगा के प्रमुख घाटों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने घाटों पर तैनात पुलिस और सुरक्षा बल के जवानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए.

नाव से घाटों का लिया जायजा: डीसीपी पश्चिम ने नाव से विभिन्न घाटों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजाम देखे. उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि गंगा में स्नान के दौरान कोई श्रद्धालु गहरे पानी की ओर न जाने पाए, इसके लिए लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा.

श्रद्धालुओं से व्यवहार का भी रखा ध्यान: निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा जाए. किसी भी श्रद्धालु के साथ गलत या अभद्र व्यवहार न किया जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *