कानपुर पहुंचे CM योगी, RSS की समन्वय बैठक में शामिल, 2027 चुनाव की रणनीति पर मंथन शुरू

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज कानपुर पूर्वान्ह पहुंच गए. उनका हेलीकॉप्टर CSA में बने हेलीपैड पर उतरा. सांसद और विधायकों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया, इसके उपरान्त CM योगी पंडित दीनदयाल उपाध्याय में आयोजित RSS की समन्वय बैठक में शामिल होने के लिए पहुंच गये.

मालूम हो कि यूजीसी को लेकर उठे विवाद और भाजपा के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नवाबगंज स्थित पंडित दीनदयाल सनातन धर्म विद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा की समन्वय बैठक में शामिल हुए. इस बैठक को आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

बैठक में संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल, कार्यकर्ताओं की नाराजगी और जमीनी फीडबैक पर चर्चा होने की बात कही जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और पदाधिकारी मौजूद रहे.

अंदरूनी कलह का देखने को मिला था असर: दरअसल, 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी के भीतर चली अंदरूनी कलह का असर कई सीटों पर देखने को मिला था. इसका परिणाम यह रहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र की बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, जालौन और फतेहपुर सीटें भाजपा के हाथ से निकल गईं, जबकि फर्रुखाबाद सीट पार्टी के खाते में मुश्किल से आ सकी थी.

विधानसभा चुनाव से पहले अहम मानी जा रही है बैठक: राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए भाजपा और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर मंथन कर रहे हैं. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यह बैठक संगठनात्मक मजबूती और आपसी समन्वय के लिहाज से अहम मानी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *