कानपुर में शर्मसार हुई इंसानियत, हॉस्टल में कमरा दिलाने के बहाने नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ मदद के नाम पर एक युवती की अस्मत को तार-तार कर दिया गया. बनारस से कानपुर आई एक युवती को हॉस्टल में कमरा दिलाने का झांसा देकर तीन दरिंदों ने अपनी हवस का शिकार बनाया. पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

क्या है पूरी घटना: मामला कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना चौकी का है. जानकारी के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से बनारस जनपद की रहने वाली है और कानपुर में रहने के लिए ठिकाना तलाश रही थी. इसी दौरान आरोपियों ने उसे आर.के.टी हॉस्टल में कमरा दिलाने का झांसा दिया. मदद की उम्मीद में युवती उनके साथ चली गई, लेकिन उसे क्या पता था कि वह मदद नहीं बल्कि एक खौफनाक जाल है.

हॉस्टल के भीतर तीन युवकों ने युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. घटना के बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. डीसीपी पश्चिम, कासिम आबिदी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत टीमें गठित कीं.

​मुख्य बिंदु और पुलिस की ​कार्यवाही: पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी पदम त्रिपाठी को हिरासत में ले लिया है. घटना में शामिल दो अन्य युवकों निहाल सिंह और निशांत दुबे उर्फ बिल्लू की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.

पीड़िता का ​मेडिकल: पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है और उसकी तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है.

​डीसीपी पश्चिम घटना पर क्या बोले:

कासिम आबिदी (डीसीपी पश्चिम, कानपुर) “युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, शेष दो की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.”

इस घटना ने एक बार फिर शहर में बाहरी जनपदों से आने वाली छात्राओं और युवतियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपी भी सलाखों के पीछे होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *