पश्चिम बंगाल के नदिया जिले का पारा आज सिर्फ मौसम की वजह से नहीं.. सियासी सरगर्मी की वजह से भी सातवें आसमान पर था. मौका था नबद्वीप विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार श्रुति शेखर गोस्वामी के समर्थन में आयोजित जनसभा का. जैसे ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच पर पहुंचे पूरी सभा ‘योगी-योगी’ और ‘जय श्री राम’ के नारों से गूंज उठी. भीषण गर्मी के बावजूद हजारों की भीड़ अपने पसंदीदा नेता को सुनने के लिए जमी रही. योगी ने भी बंगाल की जनता के इस प्यार को हाथ जोड़कर स्वीकार किया और नबद्वीप की आध्यात्मिक धरती व चैतन्य महाप्रभु को नमन करते हुए अपने चिर-परिचित अंदाज में टीएमसी पर हमला बोलना शुरू किया.
‘पंचर की दुकान खोलेंगे टीएमसी के गुंडे’:सीएम योगी का सबसे तीखा हमला टीएमसी के कार्यकर्ताओं और तथाकथित ‘गुंडों’ पर था. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि टीएमसी के जो गुंडे अब तक दादागिरी करते थे उन्हें अपनी हार का अंदाजा हो गया है. उन्होंने कहा कि टीएमसी के बहुत सारे गुंडे अभी से अपने लिए नया काम-धंधा तलाशने लगे हैं. कोई सोच रहा है कि कहां पंचर की दुकान लगाऊं तो कोई सड़क पर झाड़ू लगाने की तैयारी कर रहा है. उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि 4 मई को जब चुनाव के नतीजे आएंगे तो इन गुंडों को बंगाल में छिपने के लिए जगह तक नहीं मिलेगी. योगी ने साफ कर दिया कि बंगाल अब अराजकता को और बर्दाश्त नहीं करेगा.
ममता दीदी की चिंता और ‘सड़क पर इफ्तारी’ का तंज: सीएए (CAA) के मुद्दे पर ममता बनर्जी को घेरते हुए सीएम योगी ने एक बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि ममता दीदी सीएए का विरोध सिर्फ इसलिए कर रही हैं क्योंकि उन्हें अपने वोट बैंक की चिंता है. योगी ने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि दीदी को चिंता सता रही है कि अगर हिंदू अधिक हो गए तो सड़कों पर इफ्तारी कैसे होगी? उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि यूपी में अब सड़कों पर नमाज या इफ्तार नहीं होता वहां मस्जिदों से लाउडस्पीकर की आवाज तक बाहर नहीं आती. उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार बंगाल के हक पर घुसपैठियों से डकैती डलवा रही है.
‘मां दुर्गा की पूजा को कोई रोक नहीं सकता’: बंगाल की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक स्वतंत्रता के मुद्दे पर सीएम योगी ने ममता सरकार को जमकर लताड़ा. उन्होंने कहा कि यह कितनी शर्मनाक बात है कि जिस बंगाल ने दुनिया को दुर्गा पूजा और काली पूजा की सीख दी.. वहां आज मूर्ति विसर्जन के लिए कोर्ट के आदेश का इंतजार करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि बंगाल की धरती पर मां काली और मां दुर्गा की पूजा करने से कोई नहीं रोक सकता. जो ऐसा करने की कोशिश करेंगे उनके खिलाफ सड़कों पर आंदोलन होगा. उन्होंने जय श्री राम के नारे पर लगी पाबंदियों को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि बंगाल की धरती पर अब न तो गोमाता कटेगी और न ही हिंदू बंटेगा.
डबल इंजन सरकार और ‘कलंक’ से मुक्ति का समय: योगी आदित्यनाथ ने बंगाल के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए कहा कि एक समय था जब बंगाल पूरे देश को दिशा दिखाता था लेकिन कांग्रेस, कम्युनिस्टों और अब टीएमसी ने इसे लूटपाट और भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया है. उन्होंने भाजपा कार्यकर्ता संजय भौमिक की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि यहां के माफिया दिल्ली से भेजे गए पैसे को डकार जाते हैं. सीएम योगी ने लोगों से अपील की कि इस ‘कटमनी’ और ‘भ्रष्टाचार’ के कलंक को धोने का समय आ गया है. उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल की जनता इस बार ‘डबल इंजन’ की सरकार चुनेगी, जो डबल स्पीड से विकास करेगी और बंगाल को फिर से भारत की पहचान का प्रतीक बनाएगी.
4 मई को हर तरफ लहराएगा ‘केसरिया’: अपने भाषण के समापन पर योगी ने पहले चरण के भारी मतदान का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि 23 अप्रैल के मतदान के रुझान साफ बता रहे हैं कि बंगाल की जनता ने टेरर, माफियाराज और करप्शन से मुक्ति पाने का मन बना लिया है. उन्होंने दावा किया कि 4 मई को जब नतीजे आएंगे तो नबद्वीप से लेकर कोलकाता तक बंगाल के हर कोने में केसरिया झंडा लहराएगा. सभा में मौजूद भारी भीड़ ने उनके इस दावे का समर्थन गगनभेदी नारों के साथ किया.
















Leave a Reply