पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में शूटर राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया है. कोलकाता पुलिस ने बिहार से मिले इनपुट्स के आधार पर लखनऊ-गोरखपुर हाईवे पर घेराबंदी कर बलिया निवासी राज सिंह को दबोचा.
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की जांच कर रही पश्चिम बंगाल पुलिस ने रविवार देर रात राम नगरी अयोध्या में छापेमारी कर मुख्य शूटर को दबोच लिया. आरोपी की गिरफ्तारी उस वक्त हुई जब वह निजी वाहन से भागने की फिराक में था.
हाईवे पर घेराबंदी कर दबोचा गया शूटर: पुलिस सूत्रों के अनुसार, कोलकाता पुलिस को इनपुट मिला था कि हत्या में शामिल एक संदिग्ध शूटर लखनऊ से गोरखपुर की ओर जा रहा है. इस सटीक सूचना के आधार पर बंगाल पुलिस की टीम ने उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया. अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के बूथ नंबर चार के पास नेशनल हाईवे पर घेराबंदी की गई. जैसे ही संदिग्ध की प्राइवेट कार वहां पहुंची, पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और युवक को हिरासत में ले लिया. पकड़े गए युवक राज सिंह की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के निवासी के रूप में हुई है.
बिहार से मिले सुराग ने खोला राज: इस गिरफ्तारी की पटकथा बिहार के बक्सर जिले से लिखी गई. बताया जाता है कि कोलकाता पुलिस ने पहले ही दो अन्य संदिग्धों को बिहार के बक्सर से हिरासत में लिया था. उनसे कड़ी पूछताछ के दौरान इस तीसरे आरोपी के बारे में पुख्ता जानकारी मिली. बक्सर से मिले इनपुट के आधार पर ही पुलिस इस शूटर की लोकेशन ट्रैक करने में सफल रही. पकड़े गए आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जिसके आधार पर बंगाल पुलिस इस साजिश की तह तक पहुँचने की कोशिश कर रही है.
क्या था पूरा मामला? बीजेपी की जीत के बाद शुभेंदु अधिकारी के बेहद करीबी और उनके पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में भूचाल ला दिया था. इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और राजनीतिक रंजिश को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे. हत्या के बाद से ही आरोपी फरार थे और पुलिस की कई टीमें अलग-अलग राज्यों में छापेमारी कर रही थीं.
आगे की कार्रवाई और ट्रांजिट रिमांड: बताया जाता है कि शूटर को कोलकाता पुलिस अपने साथ लेकर चली गई है. पुलिस के आला अधिकारियों का मानना है कि इस शूटर की गिरफ्तारी से हत्या के पीछे के मास्टरमाइंड का चेहरा भी जल्द बेनकाब हो जाएगा. फिलहाल, आरोपी से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के लिए उसे सुपारी किसने दी थी और इस वारदात में और कौन-कौन से बड़े नाम शामिल हैं.
















Leave a Reply