फतेहपुर में मां संग लौट रहे बच्चे की लोडर की टक्कर से मौत, परिजनों ने की सड़क जाम

Spread the love

रिजवान उददीन,फतेहपुर।
फतेहपुर में एक तेज रफ्तार लोडर की टक्कर से 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई. बालक अपनी मां के साथ घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ. घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को घटनास्थल पर रखकर सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया.

मृतक बालक की पहचान पलटूपुर गांव निवासी अफसर निषाद के 10 वर्षीय पुत्र अंकुश के रूप में हुई है. अंकुश दोपहर करीब 2 बजे अपनी मां चंपा देवी के साथ यमुना किनारे तरबूज की खेती से घर लौट रहा था.

चिल्ला पुल से पहले पुराने कुएं के पास ललौली से बांदा की ओर जा रहे एक अज्ञात लोडर ने सड़क पार करते समय अंकुश को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.

बच्चे की मौत से गुस्साए परिजनों ने शव को वापस घटनास्थल पर लाकर सड़क पर रख दिया और जाम लगा दिया. करीब दो घंटे तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा. सूचना मिलने पर एसओ प्रमोद कुमार राय मौके पर पहुंचे. ललौली पुलिस भी मौके पर मौजूद है, लेकिन अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद परिजन जाम खोलने को तैयार नहीं हैं.

मृतक अंकुश के परिवार में दो भाई और तीन बहनें हैं. उसके बड़े भाई का नाम लवकुश (15 वर्ष) है, जबकि बहनों में अंजना (12 वर्ष), बंदना (6 वर्ष) और संजना (1 वर्ष) शामिल हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *