कानपुर से गुरुग्राम जा रही AC बस में आग: ड्राइवर जिंदा जला, शीशा तोड़कर कूदे यात्री; 36 जख्मी

Spread the love

फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार रात 2 बजे डंपर और AC बस की टक्कर हो गई. हादसे के बाद बस में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. स्टेयरिंग और सीट के बीच फंसे बस ड्राइवर की जलकर मौत हो गई, जबकि कंडक्टर समेत 36 यात्री घायल हैं.

48 यात्रियों से भरी एसी बस कानपुर से गुरुग्राम जा रही थी. हादसा मटसेना थाना क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले बालू से भरा डंपर डिवाइडर से टकराया, इसके बाद पीछे से आ रही बस डंपर में जा भिड़ी.

बस में आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. जान बचाने के लिए कई यात्रियों ने शीशे तोड़कर कूद गए. सड़क पर गिरने से किसी का हाथ टूटा तो किसी का पैर, जबकि कई लोगों के सिर में गंभीर चोटें आईं. राहगीरों की सूचना पर 10 मिनट में दमकल विभाग की 4-5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने बस में फंसे तीन यात्रियों को बाहर निकाला। करीब 3 घंटे में आग पर काबू पाया.

आग बुझने के बाद जब बस की जांच की गई तो चालक शंभू का शव स्टेयरिंग में फंसा मिला. शव इतनी बुरी तरह जल चुका था कि केवल हड्डियां ही बची थीं. पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज और शिकोहाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *