इरशाद खान, हमीरपुर।
हमीरपुर में पुल निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया है. तेज आँधी तूफान के कारण सटरिंग के साथ स्लैब और पुल की कोठी गिरने से नीचे काम कर रहे 6 लोगों की मौत हो गई है. अन्य कई लोगों की नीचे दबकर मरने की आशंका है. घटनास्थल पर एसडीएम सीओ सहित कई थानों की फोर्स मौजूद है. घटना के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. रेस्क्यू टीम पुल का मलबा हटाने में जुटी हुई है. मामला कुरारा थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन कंडौर मोराकांदर पुल का है.
सोते हुए मजदूरों पर गिरा पुल का बड़ा हिस्सा: ये हादसा गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब 3.00 बजे के आसपास हुआ. बेतवा नदी पर बन रहा पुल का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया. हादसे के समय पुल के नीचे कई मजदूर सो रहे थे. ये रात को यही सोते थे और सुबह उठकर फिर पुल बनाने के काम में लग जाते थे. बताया जा रहा है कि यह हादसा तेज बारिश, आंधी और तूफान की वजह से हुआ है. मलबे में लोगों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि मौत का आंकड़ा 10 तक भी पहुंच सकता है.
सीएम योगी ने हादसे पर दी प्रतिक्रिया: हमीरपुर में गिरे इस पुल मामले का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया. उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति गहरा दुख जाहिर किया. सीएम योगी ने वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत और बचावकार्य तेज करने का दिया निर्देश भी दिया. मुख्यमंत्री ने घायलों का उचित इलाज करवाने, मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और हर मुमकिन सहायता मुहैया करवाने के भी निर्देश दिए हैं.
2 करोड़ का मुआवजा, सीबीआई जांच की मांग: समाजवादी पार्टी के नेता आई.पी सिंह ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हादसे का वीडियो शेयर किया है. इसके साथ उन्होंने लिखा, ‘यूपी हमीरपुर भ्र्ष्टाचार और कमीशनखोरी ने 6 मजदूरों की जान ले ली. निर्माणाधीन पुल गिरा. यूपी के हमीरपुर में बेतवा नदी पर ललपुरा क्षेत्र के मोराकांदर परसनी में निर्माणाधीन 900 मीटर लंबे पुल का एक हिस्सा रात में तड़के 3 बजे ढहने से मलबे में दबकर गरीब 6 मजदूरों की मौत हो गई है. योगी सरकार मजदूरों के परिजनों को दो दो करोड़ रुपये की मदद करे. और कमीशन खोरी की CBI से जांच हो.’
बिहार के भागलपुर में भी गिरा था पुल: बता दें कि कुछ समय पहले बिहार के भागलपुर में भी एक पुल गिर गया था. यहां गंगा नदी पर बना विक्रमशिला ब्रिज का एक हिस्सा अचानक टूटकर नदी में गिर गया. हालांकि, इस दौरान वहां मौजूद अधिकारियों ने तेजी से एक्शन लेते हुए लोगों को वहां से हटा लिया था. ऐसे में इस हादसे में न तो किसी की मौत हुई थी और न कोई घायल हुआ था.
वहीं, जम्मू जिले के बंतलाब क्षेत्र में भी 1 मई को एक निर्माणाधीन पुल का पिलर गिर गया था. इस हादसे में कई मजदूरों की मौत हो गई थी और कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
















Leave a Reply