पटना के बड़े तेल गोदाम में भीषण अग्निकांड, लाखों का माल स्वाहा; 6 घंटे बाद भी नहीं बुझी आग

Spread the love

बिहार की राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित महुली रोड पर रविवार देर रात करीब 12:30 बजे एक बड़े तेल, रिफाइंड और डालडा गोदाम में भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. गोदाम में डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल का भारी मात्रा में भंडारण किया गया था. आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की घटना रात करीब 1 बजे हुई.

आग लगने की सूचना मिलते ही दीदारगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. आग पर काबू पाने के लिए दो दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लगातार मशक्कत कर रही हैं. घटना के करीब छह घंटे बाद भी आग पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो सकी थी. दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

बताया जा रहा है कि इस गोदाम से पूरे बिहार में डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल की सप्लाई की जाती थी. आग की वजह से गोदाम में रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया. घटना के बाद गोदाम से तेल सड़क पर बहने लगा, जिससे आसपास का इलाका फिसलन भरा हो गया है. सुरक्षा के मद्देनजर रखते हुए पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

घटना के दौरान एक युवक गोदाम के पास खड़ी गाड़ी हटाने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान वह मामूली रूप से झुलस गया. उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. इस भीषण आग से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है.पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *