देवर, सास-ससुर की शिकायत लेकर महिला 3 बच्चे के साथ पहुंची हमीरपुर कोतवाली

Spread the love

हमीरपुर जिले की राठ कोतवाली क्षेत्र के मवई गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला ने अपने देवर पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पीड़िता ने सास-ससुर पर भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.

मवई गांव निवासी सपना पत्नी रामबाबू ने शुक्रवार दोपहर राठ कोतवाली में दी गई लिखित तहरीर में बताया कि घरेलू विवाद के दौरान उसका देवर उसे गंदी-गंदी गालियां देने लगा. जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी, जिससे उसके शरीर में चोटें आईं.

महिला का आरोप है कि मारपीट के बाद उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई. पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि उसके सास-ससुर भी देवर का पक्ष लेते हैं और उसे लगातार प्रताड़ित करते रहते हैं. परेशान होकर उसने पुलिस से न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

मामले में राठ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हुई है. प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *