कानपुर के विजय नगर में सर्राफ की दुकान से हुई 60 लाख की चोरी का डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को खुलासा कर दिया. चोरी करने वाले कानपुर देहात के शातिर हिस्ट्रीशीटर व गैंगस्टर ने अपनी पत्नी के साथ वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने दंपति के साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले 2 सर्राफ को भी गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले तब जाकर आरोपियों का सुराग मिला. इसके बाद पुलिस ने चोरी करने वाले दंपति और माल खरीदने वाले दोनों सर्राफ को अरेस्ट करके करीब 60 लाख का माल व कैश बरामद कर लिया. इन सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा.
किराए का मकान लिया और रेकी करने के बाद उड़ाया ज्वैलरी भरा बैग: डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार दोपहर को अपने ऑफिस में दोपहर 3:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करके चोरी का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि विजय नगर फल मंडी में सर्राफ देवेन्द्र नाथ वर्मा का ज्वैलरी व कपड़ों की शॉप है। 11 जुलाई की शाम को करीब 4 बजे वह टॉयलेट गए थे, इसके बाद लौटकर आए तो दुकान पर रखा ज्वैलवरी व कैश भरा बैग गायब था. देवेन्द्र ने दुकान पर मौजूद दंपति पर संदेह जताते हुए काकादेव थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.

प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव.
चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो बुलेट सवार दंपति का सीसीटीवी फुटेज तो मिल गया, लेकिन नंबर प्लेट नहीं होने के चलते दोनों की तस्दीक नहीं हो पा रही थी. पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले तब जाकर बुलेट सवार शातिर चोर का सुराग मिला. इसके बाद पुलिस ने चोरी करने वाले शातिर आलम चंद्रपुर कांशीराम कॉलोनी अकबरपुर कानपुर देहात निवासी हिस्ट्रीशीटर व गैंगस्टर विकास उर्फ अद्दू और उसकी पत्नी चारु को अरेस्ट कर लिया.
ग्राहक बनकर चार दिनों तक की रेकी: डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि सख्ती करने पर शातिर चोर व हिस्ट्रीशीटर विकास उर्फ अद्दू और उसकी पत्नी चारु ने बताया कि सर्राफ के यहां चोरी करने के लिए चार दिनों तक शॉपिंग के बहाने दुकान पर जाते थे. कभी कपड़े खरीदने तो कभी ज्वैलरी के बहाने दुकान में रेकी की. इसके बाद चौथे दिन मौका मिलते ही ज्वैलरी व कैश भरा बैग पार करके दोनों भाग निकले थे. ज्वैलरी व कैश मिलाकर करीब 60 लाख की कीमत का माल बैग में था. दोनों के पास से माल बरामद किया और जिन सर्राफा कारोबारियों को माल बेचा था उनका भी पता मिल गया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
चोरी का माल खरीदने वाले दोनों सर्राफ भी अरेस्ट: विकास उर्फ अद्दू और उसकी पत्नी से पूछताछ में सामने आया कि कानपुर देहात सिकंदरा के मंगलपुर थानाक्षेत्र के संदलपुर निवासी सुनार गौरव गुप्ता और गढ़े का पुरवा दिबियापुर औरैया निवासी ज्वैलर्स सरमन लाल को अरेस्ट कर लिया. दोनों ने खरीदे गए लॉकेट व सोने के हार को गला दिया था. पुलिस ने दोनों की दुकान से गला हुआ सोना बरामद करने के साथ ही अरेस्ट कर लिया. पुलिस ने चोरी करने वाले दंपति और दोनों सर्राफ को बुधवार दोपहर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया.
मास्टर माइंड विकास की 26 मुकदमों की क्रिमिनल हिस्ट्री: डीसीपी ने बताया कि शातिर विकास उर्फ अद्दू की अरेस्टिंग के बाद जांच शुरू की गई तो सामने आया कि उसके खिलाफ कानपुर देहात में 26 मुकदमों की क्रिमिनल हिस्ट्री है. इससे पहले भी शातिर कई बड़ी चोरियों व लूट की वारदात को अंजाम दे चुका है. लोगों को गुमराह करने की नीयत से सर्राफ की दुकान के पास ही उसने किराए का मकान लिया. सिर्फ तीन दिन पत्नी के साथ रहा और चौथे दिन वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया. मकान में कोई भी गृहस्थी का सामान लेकर नहीं आया था, सिर्फ एक बैग लेकर बुलेट से पत्नी के साथ आया था.
















Leave a Reply