कानपुर के चौबेपुर में ट्रैक्टर-ट्राली से गिरा मजदूर, पहिए के नीचे आ जाने से दबकर मौत

Spread the love

कानपुर में बिल्हौर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर बैरा गांव के पास रविवार रात ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरने पर एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रॉली में सवार लोग शव लेकर वहां से जाने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार रविवार रात एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंटें लादकर चालक और मजदूर बिठूर थाना क्षेत्र के मकसूदाबाद गांव की ओर जा रहे थे. रास्ते में शेरपुर बैरा गांव के पास ट्रैक्टर पर बैठे मकसूदाबाद निवासी 45 वर्षीय बड़े शुक्ला अचानक तेज झटके के कारण नीचे गिर पड़े. इससे पहले कि कोई उन्हें बचा पाता, ट्रॉली का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद ट्रैक्टर में सवार लोग शव को ट्रॉली पर रखकर वहां से ले जाने लगे. इस बीच आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने ट्रैक्टर को रोक लिया. ग्रामीणों ने आशंका जताई कि चालक शव लेकर भागने की कोशिश कर रहा है.

इसके बाद चालक सहित तीन लोगों का घेराव कर उन्हें पकड़ लिया गया. बताया जाता है कि ग्रामीणों ने उनके भागने की आशंका के चलते रस्सी से बांध दिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना पर पुलिस पहुंची, चालक को हिरासत में लिया सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.

पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया. घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रैक्टर से गिरने के बाद ट्रॉली के पहिए की चपेट में आने का प्रतीत हो रहा है. शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. परिजनों की तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *