बर्रा में पति-पत्नी के शव कमरे में पाये जाने से सनसनी… चचेरे भाई-बहन ने 4 महीने पहले की थी लव मैरिज

Spread the love

कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के बर्रा-7 इलाके में मंगलवार शाम एक किराए के कमरे से नवविवाहित दंपती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. कमरे के भीतर पति का शव पंखे से लटका मिला, जबकि पत्नी का शव फर्श पर पड़ा था. शुरुआती जांच में पुलिस इसे पत्नी की हत्या के बाद पति द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला मान रही है. हालांकि, युवती के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.

चार महीने पहले किया था प्रेम विवाह: सचेंडी के छत्तीसकला पुरवा गांव के रहने वाला सौरभ सविता (23) भीमसेन में सैलून चलाता था। सौरभ का अपनी चचेरी बहन रानी (20) से करीब 3 साल से अफेयर चल रहा था.

रानी के मौसा कृष्ण कुमार ने बताया- दोनों एक-दूसरे के साथ रहने चाहते थे। लेकिन, परिवारवालों को यह बात मंजूर नहीं थी। इसके बावजूद करीब 4 महीने पहले दोनों ने सचेंडी थाने में पंचायत के बाद लव मैरिज कर ली.

शादी के बाद दोनों दिल्ली चले गए. 5 दिन पहले दोनों कानपुर लौटे। फिर बर्रा-7 के SS ब्लॉक में कंस्ट्रक्शन कारोबारी ज्ञान सिंह के मकान की तीसरी मंजिल पर किराए पर कमरा लेकर रह रहे थे.

रोशनदान से दिखा शव, खुला पूरे घटनाक्रम का राज: मकान में रहने वाली एक महिला जब छत पर कपड़े सुखाने जा रही थी, तभी रोशनदान से कमरे के अंदर झांकने पर उसने युवक का शव फंदे से लटका देखा. सूचना मिलने पर मकान मालिक ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो पत्नी का शव कमरे में पड़ा मिला.

फोरेंसिक जांच में मिले अहम सुराग: घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए. पुलिस के अनुसार महिला के गले पर दबाव के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है. कमरे में सिंदूर बिखरा मिला, जबकि मृतका की मांग भरी हुई थी और युवक के हाथ पर भी सिंदूर के निशान पाए गए. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस जांच जारी: मृतका के परिजनों का आरोप है कि प्रेम विवाह से युवक का परिवार खुश नहीं था और दोनों पर लगातार पारिवारिक दबाव बनाया जा रहा था. उनका कहना है कि इसी कारण यह घटना हुई और मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए.

मां बोली- दामाद के घरवालों का दबाव था: रानी के घरवालों का आरोप है कि लव मैरिज से सौरभ का परिवार खुश नहीं था, क्योंकि दोनों रिश्ते में चचेरे भाई-बहन थे. परिवार के लगातार दबाव से दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। इसी वजह से यह घटना हुई.

फोरेंसिक जांच के दौरान कमरे में सिंदूर बिखरा मिला. रानी की मांग भी सिंदूर से भरी हुई थी, जबकि सौरभ के दाहिने हाथ पर भी सिंदूर लगा था. इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पति ने पत्नी की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या की. इसके बाद खुद जान दे दी.

डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *