हमीरपुर में दो पक्षों में मारपीट, पड़ोसी पर गलत नीयत से घर में घुसने व हमले का आरोप

Spread the love

हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली क्षेत्र के बिहरका गांव में दो पड़ोसी पक्षों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है. जांच के बाद पुलिस ने संबंधित पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए निरोधात्मक कार्रवाई भी की है.

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब तीन बजे बिहरका गांव में किसी बात को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई. एक पक्ष की ओर से एक युवती और उसकी मां, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से एक अधेड़ उसका बेटा सहित कुछ अन्य लोग मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. घटना के दौरान किसी ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

पीड़िता का आरोप है कि उसका पड़ोसी गलत नीयत से उसके घर में घुस आया था. विरोध करने पर उसके साथ और उसकी मां के साथ मारपीट की गई. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.

मौदहा कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि जांच में विवाद पारिवारिक पाया गया है. उन्होंने कहा कि महिला द्वारा लगाए गए अन्य आरोप जांच में निराधार पाए गए. पीड़िता की तहरीर के आधार पर दूसरे पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *