फतेहपुर में हिस्ट्रीशीटर की हत्या का खुलासा, महिला सहित 5 गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

Spread the love

फतेहपुर कोतवाली नगर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर लक्ष्मी उर्फ रामप्रकाश की हत्या का खुलासा कर दिया है. 29 जुलाई को बकंधा भट्ठा-भैरमपुर मार्ग पर हिस्ट्रीशीटर का शव मिला था. इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है.

पुलिस ने रविवार शाम 4 बजे इस हत्याकांड का खुलासा किया. गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किए गए दो अवैध तमंचे, तीन कारतूस, दो मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 1310 रुपये नकद बरामद किए गए हैं.

पुलिस लाइन परिसर में एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि 29 जुलाई को शव मिलने के बाद 30 जुलाई को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. विवेचना में सामने आया कि हत्या सुनियोजित तरीके से की गई थी और साक्ष्य छिपाने का भी प्रयास किया गया था. इसके बाद मुकदमे में हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं.

पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं: मुखबिर की सूचना पर रविवार को बकंधा ईंट भट्ठा के पास से शिवा लोधी, ईशु लोधी, अनिल कुमार, उसकी पत्नी मीना और श्यामा को गिरफ्तार किया गया. एक अन्य आरोपी अक्षय उर्फ कृष्ण कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. एएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मृतक का अपने पिता से पारिवारिक विवाद चल रहा था. पिछले नवंबर में राधानगर स्थित मकान 75 लाख रुपये में बेचा गया था. इस धनराशि में से 37.50 लाख रुपये पिता को, 27.50 लाख रुपये मृतक को मिले थे, जबकि 10 लाख रुपये मृतक की बेटी के नाम एफडी कराए गए थे.

जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त अनिल ने मृतक के साथ एक संयुक्त बैंक खाता खुलवाकर उसकी अधिकांश धनराशि अपने नियंत्रण में ले ली थी. खाते से संबंधित मोबाइल नंबर और सभी लेन-देन का संचालन अनिल ही करता था. अभियुक्त अनिल और उसकी पत्नी मीना के खिलाफ वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हैं. मृतक को नशे की लत थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी उसे अपने प्रभाव में रखे हुए थे और मकान बिकने के बाद उसे अपने घर पर ही रहने दिया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *