फतेहपुर जिले के राधानगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव में एक मजदूर महिला के साथ कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने घटना के पांच दिन बाद मुकदमा दर्ज किया है. यह कार्रवाई गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक के विरोध प्रदर्शन और थाने के घेराव के बाद हुई.
गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में गुरुवार को एक प्रतिनिधिमंडल पीड़िता रीता देवी के साथ करीब 11 बजे के आस पास राधानगर थाने पहुंचा. संगठन ने मुकदमा दर्ज न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए थाने का घेराव किया, जिसके बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की. पीड़िता रीता देवी के अनुसार, 31 जुलाई की शाम उसके ससुर खेमराज, पति शिवदीप, सास कुसमा देवी, देवरानी पूनम देवी, सीमा यादव और ससुर के भांजे जहेन्द्र ने उसके साथ मारपीट की. पीड़िता का आरोप है कि यह हमला पूर्व में उसके देवर द्वारा की गई छेड़खानी के मामले को वापस लेने और समझौते का दबाव बनाने के लिए किया गया, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है.
महिला ने बताया कि इस दौरान उसकी गर्दन मरोड़ी गई और पेट व सीने पर भी चोटें आईं, जिससे उसकी हालत खराब है और आवाज निकालने में भी परेशानी हो रही है. थाने में वार्ता के दौरान गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए. हेमलता पटेल ने बताया कि पीड़िता के पति गंभीर बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती हैं और पीड़िता उनकी देखभाल कर रही थी. संगठन ने प्राथमिक मेडिकल जांच में गंभीर चोटों को स्पष्ट रूप से दर्ज नहीं किए जाने पर भी आपत्ति जताई. हेमलता पटेल ने पीड़िता का मेडिकल डॉक्टरों के विशेष पैनल से दोबारा कराने और सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन एसपी कार्यालय का घेराव करेगा. इस दौरान जिलाध्यक्ष सरला सिंह, जिला उपाध्यक्ष मरियम जहां, संगीता, प्रीति, सुमन, विनीता और रंजना सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं.
















Leave a Reply